Yuva Haryana: हरियाणा में मानसून की विदाई के बाद गर्मी और उमस बढ़ गई है। तेज हवा के कारण रात के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है, जबकि दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 6 से 9 अक्टूबर के बीच प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
कई जिलों में तापमान 37 डिग्री के पार
पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में करीब 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। शनिवार को हिसार में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं दादरी में 37.1, पलवल में 37.7, रेवाड़ी में 37.1 और फरीदाबाद में 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा
रात का औसत तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अंबाला में न्यूनतम तापमान 24.3, नूंह में 25.2 और कुरुक्षेत्र में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में रात का तापमान सामान्य से करीब 3.5 डिग्री ज्यादा रहा।
6 से 9 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 6 अक्टूबर से मौसम में बदलाव की संभावना है। 6 से 9 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। 6 अक्टूबर को यमुनानगर और पंचकूला, जबकि 7 अक्टूबर को अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में बारिश की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसके चलते मैदानी इलाकों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

