Yuva Haryana : हरियाणा भाजपा में पार्टी कार्यकर्ताओं के बगावती सुर देखने को मिल रहे है। जिला अध्यक्षों से नाराज कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
दरअसल, बीजेपी में पांच जिला अध्यक्षों भिवानी, फतेहाबाद, जींद, रोहतक और गोहाना के खिलाफ स्थानीय नेताओं ने बगावत करते हुए पार्टी हाईकमान से कार्रवाई की मांग की है। इनमें कई जिलाध्यक्षों पर तो बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे पार्टी में नया विवाद खड़ा हो गया है।
स्थानीय नेता जिला अध्यक्षों की कार्यशैली से खुश नहीं है इसलिए उन्होंने जिला अध्यक्षों के विरूद्ध हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष को शिकायत की गई है।
एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार हरियाणा में भाजपा अध्यक्ष का चुनाव भी अभी लंबित है और इसको लेकर कई माह से अटकलें चल रही हैं। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव से पहले पांच जिलों के अध्यक्षों के विरुद्ध बगावती तेवरों को पार्टी प्रभारी डॉ सतीश पुनिया ने गंभीरता से लिया है।
फतेहाबाद में जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा और पूर्व विधायक दुड़ाराम समर्थकों के बीच विवाद लगातार चल रहा है। हाल ही में सीएम नायब सैनी के फतेहाबाद दौरे के दौरान प्रवीण जोड़ा और दुड़ाराम ने सीएम से मुलाकात की थी।
वहीं रोहतक से कांग्रेस जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका के खिलाफ 16 पन्नों की शिकायत सौंपी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जिलाध्यक्ष का राजनीतिक इतिहास अवसरवादी रहा है। उन्होंने पहले इनेलो और कांग्रेस में सत्ता का सुख भोगा और 2014 में भाजपा के सत्ता में आते ही बीजेपी शामिल हो गए।
गोहाना के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक के खिलाफ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लिखे पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिलाध्यक्ष भाजपा का जजपा और कांग्रेसीकरण कर रहे हैं।
आपको बता दें कि बीजेपी ने इसी साल मार्च में 27 जिला अध्यक्षों की सूची जारी की थी, जिसमें 20 नये चेहरे थे, जबकि 7 पुराने कार्यकर्ताओं को मौका मिला था।
इनमें से पांच जिलाध्यक्ष किसी न किसी राजनीतिक विवाद में फंसे हुए हैं। अब जिला अध्यक्षों की शिकायतों के संबंध में भाजपा के शीर्ष नेताओं को भेजे गए पत्र न केवल मीडिया में जारी किए जा रहे हैं, बल्कि इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल किए जाने लगे हैं।



