Yuva Haryana : हरियाणा की पुलिस ने प्रदेशभर में ऑपरेशन ट्रैक डाउन चला रखा है। इस अभियान के तहत पुलिस गंभीर अपराधों में वांछित, फरार और इनामी अपराधियों पर शिकंजा कस रही है।
हरियाणा पुलिस ने पिछले 9 दिनों में दो हजार से अधिक अपराधियों को पकड़कर जेल की सलाखों के पीछे डाला है।
आईजी स्टेट क्राइम ब्रांच के अनुसार ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत अपराधियों को साफ संदेश दिया है कि हरियाणा में या तो अपराध छोड़ दो या जेल जाने के लिए तैयार रहो। उन्होंने बताया कि 9 दिनों के इस अभियान में पुलिस ने कुल 2165 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा 438 कुख्यात और हार्डकोर अंतरराज्यीय अपराधी भी जेल भेजे गए हैं, जो चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास जैसे जघन्य अपराधों में शामिल थे।
इस अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जिसके तहत आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है। 13 नवंबर 2025 तक कुल 118 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, जिसमें अकेले 13 नवंबर को 23 कुख्यात अपराधी शामिल थे।
हिस्ट्रीशीट खोलने का उद्देश्य इन अपराधियों पर पुलिस की निरंतर और कड़ी निगरानी सुनिश्चित करना है, ताकि वे जमानत पर छूटने के बाद दोबारा अपराध न कर सकें।
जानकारी के मुताबिक इस अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी-बड़ी सफलताएं मिल रही है। बहादुरगढ़ में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के एक सक्रिय सदस्य मनोज उर्फ चोटिया को धर दबोचा है।
मनोज उर्फ चोटिया पर 10 हजार का इनाम घोषित था और वह नारनौल पुलिस स्टेशन में दर्ज हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में वांछित था।
आपको बता दें कि 5 दिसंबर 2024 को नारनौल अदालत परिसर में विरोधी गैंग के सदस्य अमित पर जानलेवा हमला किया था, जिसके बाद से ही एसटीएफ यूनिट बहादुरगढ़ उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
वहीं हरियाणा पुलिस दूसरे राज्यों की पुलिस की मदद लेकर अपराधियों की धर पकड़ रही है। सिरसा पुलिस ने इस अभियान के दौरान हत्या के मामले में पिछले करीब चार साल से फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश जोनी को गिरफ्तार किया।
यह अपराधी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदल रहा था, जिसमें राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्र शामिल थे। सिरसा पुलिस ने जोनी को पड़ोसी राज्य राजस्थान के सरदारपुर से पकड़ने में कामयाबी हासिल की।



