Yuva Haryana: पंचायतों और पंचायत समितियों के बैंक खातों से 74।70 लाख रुपये निकालने के मामले में पंचकूला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मुकेश कुमार और वैशाली निवासी उत्पल कांत के रूप में हुई है। पंचायती राज विभाग की शिकायत पर सेक्टर-20 साइबर थाने में दर्ज इस मामले की जांच में खुलासा हुआ है कि ठगों ने 14 और 15 नवंबर को डिजिटल सिग्नेचर से छेड़छाड़ कर पूरी रकम एक निजी कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दी थी। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
महिला कर्मचारी की जगह युवक करता मिला ऑडिट
वहीं, दूसरे मामले में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड ने रायपुररानी के काजमपुर गांव में छापेमारी की। विभाग ने अप्रैल 2023 से मार्च 2026 तक पंचायतों में विकास कार्यों पर हुए खर्च के ऑडिट के लिए एक महिला कर्मचारी की ड्यूटी लगाई थी, लेकिन पिछले एक महीने से महिला कर्मी की जगह निखिल शर्मा नामक युवक पंचायतों में जाकर ऑडिट कर रहा था। छापेमारी के दौरान वह बीडीपीओ ऑफिस के सेक्रेटरी की मौजूदगी में पंचायत का ऑडिट करता मिला। जानकारी होने के बावजूद अधिकारियों द्वारा उसे न रोका जाना भी सवालों के घेरे में है। टीम दोनों को रायपुररानी बीडीपीओ ऑफिस ले गई और शाम 5 बजे तक 8 पंचायतों की ऑडिट फाइलें खंगालकर कई अहम दस्तावेज जब्त किए। विभाग अब उन सभी तारीखों की जांच करेगा जब-जब दूसरे व्यक्ति ने ऑडिट किया, साथ ही इस पहलू से भी पड़ताल की जा रही है कि क्या किसी पुराने घोटाले को छिपाने के लिए यह खेल रचा गया था।
1655 करोड़ के अनुदान कोटे के ट्रांजैक्शन की भी होगी जांच
राज्य सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के लिए राज्य वित्त आयोग अनुदान के तहत पंचायती राज संस्थाओं को 579 करोड़ रुपये (नॉर्मल प्लान के 481।125 करोड़ व एससीएसपी के 97।875 करोड़ रुपये) का कोटा आवंटित किया था। इससे कुछ महीने पहले भी 1076 करोड़ रुपये का कोटा जारी हुआ था। अब विभाग इस बात की भी गहन जांच कर रहा है कि नेशनलाइज्ड बैंकों से यह राशि किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई।
5 जिलों में 5।72 करोड़ रुपये से अधिक निकाले जाने का मामला
रिपोर्ट के मुताबिक विभिन्न जिलों में पंचायत खातों से बड़ी रकम निकालने के मामले सामने आए हैं:
पानीपत: 4 से 18 नवंबर के बीच समालखा व इसराना ब्लॉक समितियों समेत 15 पंचायतों से 3 करोड़ रुपये निकाले गए।
फतेहाबाद: जिप के खाते से 87।48 लाख रुपये निकाले गए।
हिसार: ब्लॉक समिति से 90 लाख, गंगवा से 42 लाख व लाडवा से 13।91 लाख समेत 13 पंचायतों से पैसे उड़ाए गए।
सिरसा: रानियां ब्लॉक के बीडीपीओ ने खातों से 29।51 लाख रुपये अवैध रूप से निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई।
अम्बाला: साहा ग्राम पंचायत से 9।90 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।

