Yuva Haryana: हरियाणा की तहसीलों में जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया को लेकर एक नया सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिसके तहत विभाग के सॉफ्टवेयर में बदलाव किए जा रहे हैं। नई व्यवस्था के अनुसार, डीटीपी (DTP) या नगर निकाय (MC) से अंतिम मंजूरी (फाइनल अप्रूवल) मिलने के बाद ही रजिस्ट्री की अपॉइंटमेंट बुक की जा सकेगी। हालांकि टोकन कट रहा है, लेकिन अंतिम अप्रूवल के बिना अपॉइंटमेंट नहीं ली जा सकती।
नई प्रक्रिया और एनओसी (NOC) में बदलाव
जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) मुख्यालय के आदेश के मुताबिक, कंट्रोल एरिया (7ए) में रजिस्ट्री के लिए अब अलग से एनओसी लेने की जरूरत नहीं होगी। इसके बजाय सिस्टम से ऑटोमैटिक फाइल तहसील से डीटीपी के पास पहुंचेगी, वहीं शहरी क्षेत्र की फाइल नगर निकाय के पास जाएगी। डीटीपी और राजस्व विभाग के पोर्टल को आपस में लिंक किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र की प्रक्रिया को लेकर अभी आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन सिस्टम में इससे जुड़े संदेश दिखने लगे हैं।
रेवाड़ी के डीआरओ प्रदीप देशवाल ने बताया कि पहले कंट्रोल एरिया में रजिस्ट्री से पूर्व डीटीपी की एनओसी लानी होती थी, जिसके बाद टोकन कटते ही रजिस्ट्री हो जाती थी। अब आवेदन के बाद फाइल रजिस्ट्री क्लर्क यूजर और तहसीलदार यूजर से होते हुए सिस्टम के जरिए सीधे डीटीपी या एमसी के पास जा रही है। अप्रूवल न मिलने तक अपॉइंटमेंट नहीं मिल पा रही है, जिससे एनओसी के अभाव में डीटीपी के पास कई फाइलें पेंडिंग हैं। शहरी क्षेत्र में अधिसूचना न होने से एनओसी और मंजूरी को लेकर संशय व पेंडेंसी की स्थिति बनी हुई है।
रजिस्ट्रियों की संख्या में भारी गिरावट
- नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेशभर में होने वाली रजिस्ट्रियों की संख्या में करीब 60 प्रतिशत तक कमी आई है। सामान्य दिनों में प्रदेश में रोजाना 2 से 3 हजार रजिस्ट्रियां होती थीं, लेकिन अब यह आंकड़ा एक हजार से भी नीचे आ गया है।
- 19 नवंबर से शुरू हुई नई व्यवस्था के बाद 9 दिनों (शुक्रवार तक) में 3,064 टोकन कटे और 2,102 रजिस्ट्रियां हो सकीं।
- इससे पहले 10 से 18 नवंबर के बीच 9 दिनों में कुल 20,498 टोकन कटे थे, जिनमें से 14,682 अप्रूव्ड हुए और इतनी ही रजिस्ट्रियां दर्ज की गईं।
- बीते 9 दिनों में (शनिवार अवकाश को छोड़कर) सामान्य के मुकाबले करीब 40 प्रतिशत ही रजिस्ट्रियां हो पाईं, जिनमें ट्रांसफर परमिशन (टीसीपी), बिल्डर एग्रीमेंट, कन्वेंस और री-सेल से जुड़े वे मामले शामिल हैं जिनमें डीटीपी या एमसी की मंजूरी जरूरी होती है।
- हाल के दिनों में बुधवार को 939, गुरुवार को 518 और शुक्रवार को 4 रजिस्ट्रियां हुईं।
2 साल में रजिस्ट्री व्यवस्था के 3 बड़े बदलाव
दिसंबर 2024: ऑनलाइन डीड रजिस्ट्रेशन सिस्टम की शुरुआत हुई और ऑनलाइन अपॉइंटमेंट को अनिवार्य किया गया।
नवंबर 2025: पेपरलेस रजिस्ट्री सिस्टम लागू कर ऑनलाइन काम में तेजी लाई गई।
नवंबर 2026: डीटीपी या निकाय विभाग की फाइनल अप्रूवल के बाद ही रजिस्ट्री की अपॉइंटमेंट मिलने की व्यवस्था लागू की गई।

