Yuva Haryana: एक तरफ शिक्षा विभाग स्कूलों में खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर राज्य स्तरीय स्कूली प्रतियोगिताओं में अपने स्कूल और जिले का नाम रोशन करने के बावजूद खिलाड़ियों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। रोहतक में आयोजित अंडर-14 राज्य स्तरीय स्कूली योगा और हॉकी प्रतियोगिता संपन्न हुए डेढ़ माह बीत चुके हैं, लेकिन विभाग ने खिलाड़ियों को केवल पदक थमाकर औपचारिकता पूरी कर दी है। विजेताओं की इनामी राशि, खिलाड़ियों की खेल किट और यात्रा-दैनिक भत्ता (टीए-डीए) आज भी सरकारी प्रक्रियाओं और फाइलों में उलझे हुए हैं।
पदक मिले, इनामी राशि का इंतजार
रोहतक में हुई इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें रोहतक के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए योगा में 18 और हॉकी की तीन टीमों के 54 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। नियमों के तहत इन 72 पदक विजेता खिलाड़ियों को पदक के साथ नकद पुरस्कार राशि दी जानी थी—जिसमें प्रथम स्थान के लिए 1000 रुपये, द्वितीय के लिए 750 रुपये और तृतीय स्थान के लिए 500 रुपये निर्धारित थे। लेकिन डेढ़ महीना गुजर जाने के बाद भी इन 72 विजेता खिलाड़ियों के खातों में इनामी राशि नहीं पहुंच सकी है, जिससे खिलाड़ियों को अपने हक के लिए विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मैदान में उतरने से पहले मिलनी थी किट, अब होगा टेंडर
इतना ही नहीं, जिले के अंडर-14 आयु वर्ग की 10 अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में भाग लेने वाले सैकड़ों खिलाड़ी भी जरूरी सुविधाओं से वंचित रहे। नियमों के मुताबिक खिलाड़ियों को मैदान में उतरने से पहले खेल किट मिलनी चाहिए थी, लेकिन 840 खिलाड़ियों को बिना किट के ही खेलना पड़ा। बाद में करीब 220 खिलाड़ियों को किट उपलब्ध कराई गई, जबकि 620 खिलाड़ी अब भी किट के इंतजार में हैं। इसके अलावा अंडर-14 के करीब 840 खिलाड़ियों का यात्रा एवं दैनिक भत्ता (टीए-डीए) तथा अंडर-11 वर्ग का डीए भी अभी तक अटका हुआ है।
अधिकारी का पक्ष
इस मामले को लेकर रोहतक के एईईओ संजय डांगी ने बताया कि अंडर-14 के 620 खिलाड़ियों को किट उपलब्ध कराने के लिए मंगलवार को टेंडर बिड खुलेगी, जिसके बाद खिलाड़ियों को किट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टीए और डीए का पैसा निकलवा लिया गया है, और पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि देने के लिए सभी जिलों को राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी।

