Yuva Haryana: हरियाणा सरकार ने राज्य के 39,43,192 बीपीएल (BPL) परिवारों को सरकारी राशन डिपो से सरसों का तेल देने के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब राशन कार्डधारकों को परिवार के कुल सदस्यों की संख्या के आधार पर तेल वितरित किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने इस नई वितरण प्रणाली के लिए तीन अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की हैं।
विभाग ने इस नई व्यवस्था के तहत अक्टूबर माह के लिए तेल का कोटा भी जारी कर दिया है। राशन डिपो पर कार्डधारकों को 20 से 25 अक्टूबर के बीच सरसों का तेल उपलब्ध कराया जाएगा।
सदस्य संख्या के हिसाब से मिलेगी तेल की मात्रा
नई व्यवस्था के तहत परिवारों को निम्नलिखित श्रेणियों में बांटा गया है:
- 2 सदस्यों तक का परिवार: आधा लीटर सरसों का तेल मिलेगा।
- 3 से 6 सदस्यों का परिवार: 1 लीटर सरसों का तेल मिलेगा।
- 6 से अधिक (7 या उससे ज्यादा) सदस्यों का परिवार: 5 (डेढ़) लीटर सरसों का तेल दिया जाएगा।
कितना देना होगा पैसा?
आधा लीटर तेल के लिए: 15 रुपये।
1 लीटर तेल के लिए: 30 रुपये।
पहले प्रत्येक बीपीएल राशन कार्ड पर परिवार को 100 रुपये में 2 लीटर सरसों का तेल दिया जाता था।
कोटे में 54% की कमी, क्यों बदला नियम?
खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने बताया कि राज्य में सरसों के तेल की कोई कमी नहीं है, बल्कि प्रति कार्ड वितरण प्रणाली को बदलकर नया मानक निर्धारित किया गया है।
पहले प्रति परिवार 2 लीटर तेल देने के हिसाब से हर महीने कुल 78,86,384 लीटर तेल की आवश्यकता होती थी। हालांकि, नई व्यवस्था लागू होने के बाद अक्टूबर माह के लिए कुल 36,45,426 लीटर तेल का कोटा जारी किया गया है, जो पहले की तुलना में लगभग 54% कम है।
डिपो संचालकों और कार्डधारकों में भ्रम की स्थिति
ऑल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से सरकार से सभी BPL परिवारों को पहले की तरह समान मात्रा (2 लीटर) में ही तेल देने की मांग की गई है। उनका कहना है कि सदस्यों की संख्या के आधार पर अलग-अलग मात्रा तय करने से राशन कार्डधारकों और डिपो संचालकों के बीच असमंजस और विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।

