Yuva Haryana: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुचर्चित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) में हरियाणा की राजनीति और इतिहास से जुड़े चार बेहद अहम घटनाक्रमों का जिक्र किया गया है। पुस्तक में सामने आए इन प्रसंगों ने एक बार फिर सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। खास बात यह है कि इन घटनाओं का वर्णन करते हुए सोनिया गांधी ने हरियाणा के किसी भी वरिष्ठ राजनीतिक नेता का नाम नहीं लिया है।
किताब के विभिन्न अध्यायों में हरियाणा से जुड़े जिन चार प्रमुख पहलुओं को सामने रखा गया है, उनका विवरण इस प्रकार है:
- इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी और ‘ऑपरेशन ब्लंडर’ (1977)
पुस्तक के पृष्ठ 233 पर सोनिया गांधी ने वर्ष 1977 की उस घटना को याद किया है, जब सीबीआई की टीम पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को गिरफ्तार कर हरियाणा ले जा रही थी। हालांकि किताब में घटना की तारीख का उल्लेख नहीं है, लेकिन यह वाकया 3 अक्टूबर 1977 का है। राजीव गांधी, सोनिया, संजय और मेनका गांधी सहित परिवार के अन्य सदस्य एक वैन में उनके पीछे चल रहे थे। जब काफिला फरीदाबाद के बड़खल लेक गेस्ट हाउस की ओर बढ़ रहा था, तो एक रेलवे क्रॉसिंग पर गाड़ी रुकने के दौरान वकीलों ने आपत्ति जताई कि अदालत के वारंट के बिना उन्हें दिल्ली से बाहर ले जाना गैरकानूनी है। इसके बाद इंदिरा गांधी वहीं एक पुलिया पर बैठ गईं और आगे जाने से साफ इनकार कर दिया। मजबूरन सीबीआई अधिकारियों को उन्हें वापस दिल्ली लाना पड़ा और अगले दिन पर्याप्त सबूत न होने के कारण अदालत ने उन्हें बरी कर दिया। इतिहास में इस घटनाक्रम को ‘ऑपरेशन ब्लंडर’ के नाम से भी जाना जाता है।
- राजीव गांधी की जासूसी में हरियाणा सीआईडी के 40 से अधिक कर्मियों का नेटवर्क (1991)
किताब के पृष्ठ 362 पर सोनिया गांधी ने चंद्रशेखर सरकार के कार्यकाल के दौरान राजीव गांधी की जासूसी के गंभीर मामले को उठाया है। उन्होंने लिखा है कि मार्च 1991 में हरियाणा सीआईडी के 40 से अधिक अनधिकृत कर्मचारियों का एक पूरा तंत्र राजीव गांधी और कांग्रेस पार्टी कार्यालय की निगरानी में लगाया गया था। 2 मार्च 1991 को दिल्ली स्थित 10 जनपथ के बाहर सादे कपड़ों में तैनात हरियाणा सीआईडी के पुलिसकर्मियों को पकड़ा गया था। पकड़े गए कर्मियों ने एक वरिष्ठ सरकारी नेता के निर्देश पर काम करने की बात स्वीकार की थी। गौरतलब है कि उस समय हरियाणा में ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री थे, हालांकि सोनिया ने किताब में किसी नेता या तारीख का नाम नहीं लिखा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने तत्कालीन चंद्रशेखर सरकार पर तीखे सवाल उठाए थे।
- इंदिरा गांधी के फैसले से हरियाणा का गठन (1966)
पुस्तक के पृष्ठ 259-260 पर सोनिया गांधी ने 1966 में हुए पंजाब के पुनर्गठन का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भाषाई आधार पर पंजाब के पुनर्गठन को मंजूरी दी थी। इसी ऐतिहासिक प्रक्रिया के तहत 1 नवंबर 1966 को हरियाणा एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया, जबकि पंजाब के पहाड़ी इलाकों को हिमाचल प्रदेश में मिलाया गया। इस प्रसंग में भी हरियाणा के किसी नेता का नाम दर्ज नहीं है।
- गुरुग्राम के सोहना में नेत्र अस्पताल का विस्तार (2014)
पुस्तक के पृष्ठ 477 पर सोनिया गांधी ने राहुल गांधी द्वारा अमेठी में किए गए सामाजिक कार्यों के साथ-साथ इंदिरा गांधी नेत्र अस्पताल की पहल का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल की शाखाओं का विस्तार लखनऊ और हरियाणा तक हुआ। हरियाणा में गुरुग्राम के समीप सोहना के रायपुर गांव में स्थित इंदिरा गांधी नेत्र अस्पताल का उद्घाटन 8 अगस्त 2014 को राहुल गांधी ने किया था।
कुमारी सैलजा का अकेला जिक्र
सोनिया गांधी की इस पूरी आत्मकथा में पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा हरियाणा की एकमात्र ऐसी नेता हैं, जिनका नाम अलग-अलग संदर्भों में दर्ज किया गया है। पुस्तक में सैलजा के साथ किए गए राजनीतिक दौरों और आपसी विश्वास का उल्लेख किया गया है, जो हरियाणा की राजनीति में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।

