Yuva Haryana: अपराधियों से मुठभेड़ हो, संकरी गलियों में हथियारबंद बदमाशों से निपटने की चुनौती हो या फिर थानों में आने वाली शिकायतों और कार्रवाई का पारदर्शी रिकॉर्ड रखने की जरूरत—हर मोर्चे पर हरियाणा पुलिस अपनी क्षमता और व्यवस्थाओं को और मजबूत करने जा रही है। इसके लिए करीब 11.53 करोड़ रुपये की तीन प्रमुख परियोजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें आधुनिक सीक्यूबी (क्लोज क्वार्टर बैटल) हथियारों की खरीद, पर्याप्त गोला-बारूद की उपलब्धता और थानों में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित करना शामिल है।
संकरी गलियों और बंद कमरों के लिए 1000 नए सीक्यूबी हथियार
कई बार पुलिसकर्मियों को संकरी गलियों, छोटी इमारतों और सीमित स्थानों में कार्रवाई के दौरान बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय 7.38 करोड़ रुपये की लागत से 1000 नए 9 एमएम सीक्यूबी (क्लोज क्वार्टर बैटल) हथियार खरीदने जा रहा है। सीक्यूबी श्रेणी के हथियार कम जगह और नजदीकी दूरी पर होने वाली कार्रवाई के लिए विशेष रूप से तैयार किए जाते हैं।
इस खरीद में प्रत्येक हथियार की औसत कीमत करीब 73,884 रुपये आंकी गई है। टेंडर की बोलियां सुबह 11 बजे खोली जाएंगी और चयनित कंपनी को 120 दिनों के भीतर हथियारों की आपूर्ति करनी होगी। इसके लिए 14,77,680 रुपये ईएमडी और 21 हजार रुपये कुल निविदा शुल्क तय किया गया है। पूरी खरीद प्रक्रिया पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय से एआईजी (प्रोविजनिंग) द्वारा संचालित की जा रही है।
नियमित अभ्यास और अभियानों के लिए 2 लाख कारतूस की तैयारी
आधुनिक हथियारों के साथ-साथ पर्याप्त गोला-बारूद का भंडार होना भी ऑपरेशनल तैयारी के लिए बेहद अहम है। इसी आवश्यकता को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने 2 लाख कारतूस खरीदने के लिए 90 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। कुल बजट के आधार पर एक कारतूस की औसत कीमत करीब 45 रुपये बैठती है।
पुलिस बल में कारतूसों का उपयोग केवल मुठभेड़ तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जवानों के नियमित फायरिंग अभ्यास, निशानेबाजी की दक्षता बनाए रखने और विशेष अभियानों की तैयारी के लिए भी इनका नियमित इस्तेमाल होता है। सशस्त्र पुलिस इकाइयों के लिए पर्याप्त गोला-बारूद की उपलब्धता सुरक्षा तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।
22 थानों में सीसीटीवी निगरानी से बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही
पुलिस की तीसरी बड़ी तैयारी सीधे थानों की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता से जुड़ी है। हरियाणा स्टेट इन्फोर्समेंट ब्यूरो के प्रदेशभर के 22 पुलिस थानों में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था स्थापित की जाएगी। इसके लिए हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन ने 3,24,00,245 रुपये का टेंडर जारी किया है।
इसका मुख्य उद्देश्य थाना परिसर में आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी प्रभावी निगरानी रखना है। शिकायत दर्ज कराने आने वाले व्यक्ति से लेकर पूछताछ और अन्य गतिविधियों से जुड़े घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग जांच और जवाबदेही के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
इस परियोजना की एक अहम शर्त यह है कि चयनित कंपनी को केवल कैमरे लगाकर नहीं छोड़ना होगा, बल्कि अगले पांच वर्षों तक इनकी कॉम्प्रिहेंसिव एनुअल मेंटेनेंस (CAMC) भी करनी होगी। कैमरों की आपूर्ति, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग, कमीशनिंग और संबंधित उपकरण उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी उसी कंपनी की रहेगी।

