Yuva Haryana: वेज बर्गर के बजाय नॉन-वेज बर्गर डिलीवर करने के करीब साढ़े पांच साल पुराने मामले में गुरुग्राम जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बर्गर किंग इंडिया और स्विगी को संयुक्त रूप से दोषी ठहराया है। आयोग ने दोनों कंपनियों पर कुल 72 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
क्या है पूरा मामला?
गुरुग्राम के सेक्टर-46 निवासी भगवान दास मंगला ने 2 अप्रैल 2021 की दोपहर अपनी बीमार पत्नी के लिए स्विगी ऐप के माध्यम से बर्गर किंग से चार वेज बर्गर ऑर्डर किए थे। शिकायत के अनुसार, डिलीवरी आने पर उनकी बीमार पत्नी ने पैकेट लेकर मेज पर रख दिया। थोड़ी देर बाद परिवार के दो बच्चों ने बर्गर खाया, लेकिन स्वाद अजीब लगने के कारण उन्हें जी मिचलाने और उल्टी होने लगी।
शाम को जब भगवान दास मंगला घर लौटे और पैकेट की जांच की, तो पता चला कि ऑर्डर में वेज की जगह नॉन-वेज बर्गर भेजे गए थे। उन्होंने उसी दिन शाम 6:24 बजे स्विगी ऐप पर इसकी शिकायत दर्ज कराई।
धार्मिक भावनाएं आहत और समझौते का प्रस्ताव
शिकायतकर्ता का कहना था कि इस लापरवाही से उनके शाकाहारी परिवार की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और परिवार को मानसिक तनाव झेलना पड़ा। विरोध दर्ज कराने पर बर्गर किंग के एक प्रतिनिधि ने गलती स्वीकार करते हुए कोर्ट के बाहर समझौते के तहत 25 हजार रुपये मुआवजा और एक-दो धार्मिक स्थलों की मुफ्त तीर्थयात्रा कराने का प्रस्ताव दिया, जिसे मंगला ने अस्वीकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने अधिवक्ता मेघा गुप्ता के माध्यम से उपभोक्ता आयोग में 60 लाख रुपये के हर्जाने का दावा दायर किया।
उपभोक्ता आयोग का फैसला
आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल तथा सदस्यों ज्योति सिवाच और खुशविंदर कौर की पीठ ने इनवॉइस और चैट हिस्ट्री के आधार पर बर्गर किंग इंडिया और स्विगी को लापरवाही का दोषी माना। पीठ ने कंपनियों की दलीलों को खारिज करते हुए निम्नलिखित आदेश दिया:
- मानसिक प्रताड़ना और पीड़ा के लिए 50 हजार रुपये का मुआवजा
- कानूनी कार्यवाही व केस खर्च के रूप में 22 हजार रुपये
- कुल 72 हजार रुपये की राशि 45 दिनों के भीतर अदा करने का निर्देश
- तय समय सीमा में भुगतान न करने पर पूरी रकम पर 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा

