Yuva Haryana: हरियाणा में वायु प्रदूषण के स्तर में सुधार आने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली है। राज्य में पिछले 14 दिनों से लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तीसरे चरण की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी गई हैं, जिससे 14 जिलों में सख्ती कम हो गई है।
चार नवंबर के बाद यह पहला मौका है जब हरियाणा का अधिकांश वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुधरा है। मंगलवार को पूरे राज्य में सिर्फ बल्लभगढ़ को छोड़कर किसी भी शहर का एक्यूआई 300 के पार दर्ज नहीं किया गया। बल्लभगढ़ का एक्यूआई 328 रहा, जबकि गुरुग्राम में 290, पानीपत में 287, सोनीपत में 286, कैथल में 283 और पंचगांव में 282 दर्ज किया गया। इसके अलावा करनाल, बहादुरगढ़, फतेहाबाद, फरीदाबाद, जींद और मानेसर भी खराब श्रेणी में बने रहे।
एनसीआर में बीएस-3 और बीएस-4 वाहनों को राहत
हवा में सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एनसीआर क्षेत्र में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल की निजी चार पहिया गाड़ियों को सड़कों पर चलाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, पुराने वाहनों पर पहले से लागू अन्य प्रतिबंध जारी रहेंगे। धूल उड़ाने वाली तोड़फोड़ और बाहरी निर्माण गतिविधियों पर लगी रोक 20 नवंबर तक जारी रहेगी।
पराली जलाने पर 11 किसानों पर एफआईआर और 4 अधिकारियों को नोटिस
मंगलवार को हरियाणा में पराली जलाने के 4 नए मामले सामने आए, जिसके बाद अब तक कुल 252 केस चिन्हित किए जा चुके हैं। कृषि विभाग ने मंगलवार को 13 किसानों पर जुर्माना लगाया और 11 किसानों पर एफआईआर दर्ज कराई है। पराली जलाने वाले किसानों की निगरानी में लापरवाही बरतने पर 4 नोडल अधिकारियों को भी नोटिस जारी किया गया है। राज्य में सबसे अधिक 71 मामले कैथल में, जींद में 38 और करनाल में 23 मामले सामने आ चुके हैं। करनाल में लापरवाही के चलते 2 नोडल अधिकारियों को निलंबित भी किया जा चुका है।
पानीपत और झज्जर में तीन फैक्टरियां सील
बढ़ते वायु प्रदूषण के संकट से निपटने के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। अधिकारियों ने पानीपत में दो और झज्जर में एक फैक्ट्री को सील कर दिया। सीएक्यूएम के निर्देश के बाद जिले के 123 संस्थानों के 184 डीजी सेट सील किए जाने थे, जिनमें से 98 डीजी सेट सील किए जा चुके हैं और 84 पर कार्रवाई बाकी है। फरीदाबाद प्रशासन की टीम ने वर्ल्ड स्ट्रीट स्थित तीन रेस्तरां पर भी जुर्माना लगाया है।
पहाड़ी हवाओं से तापमान में गिरावट, हिसार-पंचकूला सबसे ठंडे
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हुई हल्की बर्फबारी और उत्तरी-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलने से हरियाणा के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हिसार और पंचकूला में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है और सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सुबह के समय हल्का धुंध और कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

