Yuva Haryana: राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण लगने वाला भारी जाम और सार्वजनिक परिवहन की कमी अब जेल में बंद कैदियों की पारिवारिक मुलाकात में भी बड़ी बाधा बन रही है। इसी समस्या को आधार बनाते हुए गुरुग्राम की भोंडसी जेल में हत्या के मामले में बंद एक आरोपी ने कोर्ट से रेवाड़ी जेल में स्थानांतरण की गुहार लगाई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
रेवाड़ी निवासी सत्यबीर 29 नवंबर 2021 से हत्या के एक मामले में गुरुग्राम की भोंडसी जिला जेल में बंद है। आरोपी ने अदालत में याचिका दायर कर बताया कि एनएच-48 पर जगह-जगह सड़क मरम्मत का काम चल रहा है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित रहता है। इसके अलावा उचित सार्वजनिक परिवहन सुविधा न होने के कारण उसके परिवार के सदस्यों को भोंडसी जेल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और सफर में करीब तीन घंटे का समय लग जाता है।
अदालत का फैसला और जेल प्रशासन का रुख
मामले की सुनवाई करते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंकिता शर्मा की अदालत ने मानवीय और व्यावहारिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सत्यबीर को भोंडसी जेल से रेवाड़ी जिला जेल स्थानांतरित करने की अनुमति दे दी है।
इससे पहले भोंडसी जिला जेल प्रशासन ने अदालत को अवगत कराया कि आरोपी सत्यबीर के खिलाफ गुरुग्राम जिले में कोई अन्य मामला लंबित नहीं है। वहीं, रेवाड़ी जिला जेल प्रशासन ने भी आरोपी को यहां शिफ्ट किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं जताई। दोनों जेल प्रशासनों की रिपोर्ट के बाद कोर्ट ने ट्रांसफर के आदेश जारी कर दिए।

