Yuva Haryana: हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार का आठ दिन बाद अंतिम संस्कार हुआ है। चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-25 के श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूरन कुमार की दोनों बेटियों ने पिता को मुखाग्नि दी।

इस दौरान श्मशान घाट के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात रहे। वहीं हरियाणा सरकार के ब्यूरोक्रेसी से राजेश खुल्लर, सुधीर राजपाल, पंकज गुप्ता, डीजीपी ओपी सिंह, आईपीएस मोहम्मद अकील, एडीजीपी आलोक मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।
आपको बता दें कि वाई पूरन कुमार ने सात अक्टूबर को सेक्टर-11 स्थित अपने घर पर खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में उन्होंने हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर समेत 15 अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।
पिछले आठ दिनों उनके शव के पोस्टमार्टम को लेकर पेच फंसा हुआ था। उनकी पत्नी आईएएस अमनीत पी कुमार और परिजन आरोपित अफसरों पर कार्रवाई के लिए अड़े थे। 9वें दिन पूरन कुमार के शव का पोस्टमार्टम हुआ और उसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।



