PM मोदी से आज मिलेंगे हरियाणा BJP के 48 विधायक, अपने-अपने हलकों का देंगे फीडबैक
Yuva Haryana: हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी 48 विधायक आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। बैठक में विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों का फीडबैक प्रधानमंत्री के सामने रखेंगे। इसके साथ ही प्रदेश में कांग्रेस की चल रही तैयारियों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, प्रभारी स्मृति ईरानी, सह-प्रभारी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
पंजाब चुनाव और हरियाणा की गतिविधियों पर भी चर्चा
बैठक में पंजाब चुनाव की संभावनाओं के साथ-साथ हरियाणा की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी विधायकों से फीडबैक लिया जा सकता है। पार्टी ने सभी विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों और स्थिति की जानकारी के साथ आने को कहा है।
विपक्षी दल कांग्रेस की प्रदेश में चल रही तैयारियों पर भी बैठक में मंथन संभव है।
रोहतक और सिरसा लोकसभा सीट पर पार्टी की नजर
BJP ने हरियाणा की दो लोकसभा सीटों—रोहतक और सिरसा—पर पिछले साल से अपना फोकस बढ़ाया है। पार्टी इन दोनों सीटों पर विशेष रणनीति तैयार कर रही है।
रोहतक लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा सांसद हैं, जबकि सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा सांसद हैं। BJP की ओर से इन दोनों सीटों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों और रणनीति पर भी चर्चा की जा सकती है।
2047 तक की योजनाओं पर भी हो सकता है मंथन
बैठक में हरियाणा सरकार की वर्ष 2047 तक की योजनाओं और तैयारियों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना जताई गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस दिशा में विभिन्न विभागों के साथ नियमित बैठकें कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।
विधायकों के साथ बैठक के दौरान उनके विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं, विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को लेकर भी फीडबैक लिया जा सकता है।

