साइबर थाने से 500 मीटर दूर चल रहा था ठगी का नेटवर्क, देश-विदेश में लोगों को लगाते थे चूना
Yuva Haryana: हरियाणा के फतेहाबाद में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। हैरानी की बात यह है कि ठगी का यह नेटवर्क साइबर क्राइम थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर चल रहा था। आरोपी ऑनलाइन निवेश और शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर देश-विदेश के लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस ने छापेमारी के दौरान हिसार के गांव चिकनवास निवासी अमित को गिरफ्तार किया है, जबकि नेटवर्क का मुख्य आरोपी अनुज फरार बताया जा रहा है। वह सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर का बेटा है।
पुलिस ने सेक्टर-4 स्थित सोमा सिटी मार्केट की दूसरी मंजिल पर बने कार्यालय से 56 एटीएम कार्ड, 17 बैंक पासबुक, सात चेकबुक, दो लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा डिजिटल लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य भी कब्जे में लिए गए हैं।
20 हजार रुपये वेतन और 1 प्रतिशत कमीशन पर रखा था अमित
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी अनुज ने अमित को 20 हजार रुपये मासिक वेतन पर रखा हुआ था। इसके अलावा ठगी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खातों में आने वाली रकम पर एक प्रतिशत कमीशन देने की बात भी तय थी। अमित का काम डिजिटल पैनल पर बैंक खाते जोड़ना, उनमें होने वाले लेनदेन का हिसाब रखना और खातों को संचालित करना था।
आरोपी कथित तौर पर किराये की बिल्डिंग में रहता था। उसे खाने-पीने से लेकर रहने तक की सुविधाएं दी गई थीं। जांच में सामने आया कि डिजिटल पैनल के जरिए बैंक खातों को जोड़ा जाता था और ठगी की रकम का लेनदेन किया जाता था।
5 से 10 हजार रुपये में खरीदते थे बैंक खाते
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह जरूरतमंद लोगों को पैसे का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था। इसके लिए कथित तौर पर 5 से 10 हजार रुपये तक दिए जाते थे। कई मामलों में आरोपी खुद ही बैंक खाते खुलवाने की प्रक्रिया संभालते थे।
खाता खुलने के बाद संबंधित व्यक्ति का एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक अपने कब्जे में ले लेते थे। इसके बाद इन खातों को डिजिटल पैनल से जोड़ दिया जाता था। जैसे ही किसी खाते में ठगी की रकम आती, उसे आगे दूसरे खातों में भेजने या निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती थी।
खाता फ्रीज होते ही जोड़ देते थे दूसरा अकाउंट
गिरोह का तरीका यह था कि साइबर ठगी की शिकायत मिलने पर यदि किसी बैंक खाते को फ्रीज कर दिया जाता, तो उसे डिजिटल पैनल से हटा दिया जाता था। उसकी जगह तुरंत दूसरा बैंक खाता जोड़ दिया जाता था। इस तरह ठगी की रकम का लेनदेन जारी रखने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस को जांच के दौरान डिजिटल पैनल, बैंक खातों के रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले हैं। इनकी मदद से गिरोह के सदस्यों और संदिग्ध लेनदेन की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
छापेमारी में 56 एटीएम कार्ड और कई दस्तावेज बरामद
कार्यालय पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो लैपटॉप, 56 एटीएम कार्ड, 17 बैंक पासबुक, सात चेकबुक, नौ मोहरें, दो गूगल पे पीओएस मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस अब इन बैंक खातों के वास्तविक धारकों और उनके जरिए हुए लेनदेन की जांच कर रही है।
फिलहाल अमित को गिरफ्तार किया गया है और फरार मुख्य आरोपी अनुज की तलाश की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों को ठगा गया और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

