Yuva Haryana: सरकारी कॉलेजों में पढ़ाने के साथ पीएचडी करने की योजना बना रहे शिक्षकों के लिए अब अनुमति लेना पहले जितना आसान नहीं होगा। हरियाणा उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सरकारी कॉलेजों में कार्यरत प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पीएचडी संबंधी मामलों की पड़ताल के लिए 23 बिंदुओं वाला कॉमन प्रोफार्मा तैयार किया है। इसके तहत केवल यूनिवर्सिटी में दाखिले का पत्र लगाकर अनुमति नहीं ली जा सकेगी, बल्कि शिक्षकों को अपनी शैक्षणिक और विभागीय जानकारी विस्तार से देनी होगी।
आवेदन के लिए दो श्रेणियां तय
नए प्रोफार्मा में आवेदन के लिए दो अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं:
पहली श्रेणी: इसमें वे शिक्षक शामिल हैं, जो सरकारी सेवा में रहते हुए पीएचडी में नया दाखिला लेना चाहते हैं।
दूसरी श्रेणी: इसमें वे शिक्षक आते हैं, जिन्होंने सरकारी सेवा में आने से पहले ही पीएचडी में दाखिला या रजिस्ट्रेशन करवा लिया था और अब इसे जारी रखने के लिए एनओसी या अनुमति चाहते हैं।
पहले से पीएचडी कर रहे शिक्षकों को यह स्पष्ट करना होगा कि उनका दाखिला और रजिस्ट्रेशन सरकारी सेवा में आने से पहले हुआ था या बाद में। यदि पहले किसी नियोक्ता या सक्षम प्राधिकारी से एनओसी मिली है, तो उसकी प्रति भी साथ देनी होगी।
क्लास, अटेंडेंस और छुट्टी की स्थिति बतानी जरूरी
आवेदन में शिक्षकों को अपनी नियुक्ति, वर्तमान पोस्टिंग, यूनिवर्सिटी का नाम व श्रेणी, पीएचडी के मोड, कोर्सवर्क, रिसर्च की स्थिति और संभावित समयसीमा का विवरण देना होगा। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट करना होगा कि यूनिवर्सिटी में तय समयसीमा या रिसर्च के लिए कब-कब कक्षाएं लगेंगी, कितनी अटेंडेंस अनिवार्य होगी और इसके लिए कॉलेज के नियमित कार्य समय में उपस्थित रहने से छूट या छुट्टी की जरूरत पड़ेगी या नहीं। यदि छुट्टी की आवश्यकता होगी, तो उसका प्रकार और संभावित अवधि भी बतानी होगी।
रिसर्च प्रमाण और कॉलेज के काम पर असर का ब्योरा
आवेदन के दौरान पीएचडी कराने वाली यूनिवर्सिटी का नाम बताने के साथ यह भी स्पष्ट करना होगा कि पीएचडी पार्ट-टाइम है या फुल-टाइम। जो शिक्षक पहले से रिसर्च कर रहे हैं, उन्हें सुपरवाइजर या यूनिवर्सिटी से प्रोग्रेस सर्टिफिकेट अथवा पीएचडी की वर्तमान स्थिति का प्रमाण देना होगा। इसके अलावा पीएचडी के कारण कॉलेज में शिक्षण कार्य, परीक्षाओं और प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर पड़ने वाले संभावित असर का ब्योरा भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।

