Yuva Haryana : हरियाणा में आने वाले दिनों में कंपकंपा देने वाली ठंड का दौर शुरू होने वाला है। ऐसा हम इसलिए कह रहे है, क्योंकि मौसम विभाग ने घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
फिलहाल, प्रदेश में लगातार कोहरा जारी है और ऐसे में मौसम विभाग की नई चेतावनी को कड़ाके की ठंड पड़ने का अलर्ट माना जा रहा है।
दरअसल, भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार से तीन दिन तक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री की कमी आने की संभावना है। 24 से 27 दिसंबर तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 24 दिसंबर को अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल और जींद में ऑरेंज और अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
25 और 26 दिसंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में ऑरेंज और अन्य जिलों में येलो चेतावनी जारी की गई है।
वहीं सोमवार को नारनौल में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, जींद में दिन का तापमान 15.9 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार फिलहाल सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दक्षिणी पूर्वी नमी वाली हवाओं से वातावरण में नमी की बढ़ोतरी से हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में रात से ही कोहरा बनने लगता है। सुबह होने तक पूरे क्षेत्र को आगोश में समा लेता है।



