Yuva Haryana : हरियाणा सरकार ने खरीफ-2026 सीजन के दौरान ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण कराने से वंचित रह गए किसानों को राहत देते हुए एक और अवसर दिया है।
दरअसल, सरकार द्वारा पोर्टल को 21 सितंबर से 27 सितंबर तक दोबारा खोला जाएगा। इस अवधि में सभी पात्र किसान अपनी कृषि भूमि एवं फसल विवरण संबंधी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं या अपने संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) के कार्यालय में जाकर दर्ज करवा सकते हैं।
किसानों द्वारा दर्ज किए गए भूमि एवं फसल विवरण का सत्यापन उपग्रह आंकड़ों (सैटेलाइट डेटा) तथा संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) द्वारा ग्राउंड ट्रूथिंग व मौका निरीक्षण के माध्यम से किया जाएगा।
प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर किया गया फसल-पंजीकरण सत्यापन-प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत ही मान्य होगा।
राज्य सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे पंजीकरण के समय अपनी भूमि और फसल से संबंधित पूर्ण व सही जानकारी ही दर्ज करें, ताकि सत्यापन प्रक्रिया तथा बाद में फसल बेचने के समय किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों को फसल पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।

