Yuva Haryana : मोबाइल रिचार्ज कराने वाले ग्राहकों के लिए भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने नया नियम जारी किया है। इसके तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें सिर्फ वॉयस कॉलिंग और एसएमएस की सुविधा होगी और डेटा शामिल नहीं होगा। नए नियमों का उद्देश्य उन ग्राहकों को सस्ते और सुविधाजनक रिचार्ज विकल्प देना है, जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है।
मोबाइल रिचार्ज में क्या बदलेगा?
ट्राई के नए नियमों के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों को वॉयस और एसएमएस वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर भी अलग-अलग वैलिडिटी अवधि के साथ उपलब्ध कराने होंगे। इनमें 30 दिन या उससे कम की वैलिडिटी वाले विकल्प भी शामिल होगा।
30 दिन की वैलिडिटी वाला रिचार्ज मिलेगा
नए नियमों में ग्राहकों के लिए छोटे समय की वैलिडिटी वाले विकल्पों पर जोर दिया गया है। इससे ग्राहकों को लंबे समय वाले रिचार्ज के बजाय अपनी जरूरत और बजट के अनुसार प्लान चुनने का विकल्प मिलेगा।
स्क्रीन प्रोटेक्टर नया नियम
केंद्र सरकार ने मोबाइल स्क्रीन प्रोटेक्टर यानी टेम्पर्ड ग्लास के लिए नया नियम बनाया है। 1 अप्रैल 2027 से देश में बिकने वाले सभी स्क्रीन प्रोटेक्टर के लिए बीआईएस सर्टिफिकेशन अनिवार्य होगा।
57 प्रतिशत तक सस्ता होगा रिचार्ज
अभी कंपनियों ने नए वॉयस एसएमएस पैक की कीमतें घोषित नहीं की हैं। मगर उदाहरण के लिए, मौजूदा 349 रु. वाले डेटा पैक के मुकाबले डेटा रहित विकल्प 150-200 रु. में आ सकता है तो करीब 149-199 रु. प्रति रिचार्ज बच सकते हैं।
बुजुर्गों और बिना डेटा वाले यूजर्स को फायदा
नए नियमों से उन लोगों को रिचार्ज विकल्प मिल सकते हैं, जो मोबाइल का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉलिंग और एसएमएस के लिए करते हैं। बुजुर्गों, फीचर फोन यूजर्स और कम डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए इस तरह के प्लान उपयोगी हो सकते हैं।
नियम कब लागू होंगे?
ट्राई द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, नए नियम आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने के 30 दिन बाद लागू होंगे। अधिसूचना 21 सितंबर 2026 को जारी की गई है, इसलिए रिपोर्ट में 22 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होने की जानकारी दी गई है।

