Yuva Haryana : हरियाणा में घने कोहरे के कारण कई जिलों में यातायात बाधित हुआ है। शनिवार को जहां सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए तो वहीं करीब 12 ट्रेनें और 20 बसों के रद्द होने के कारण मुसाफिरों को घंटो तक इंतजार करना पड़ा।
सुबह आठ बजे तक कई ट्रेनें घंटों देरी के बाद स्टेशन पर पहुंची और इससे रेल यात्री खासा परेशान हुए।
उधर, सड़क पर भी कोहरे के कारण कहर बरपा है। अनेक जिलों में हुए सड़क हादसों में कई लोगों की मौत हो गई। रोहतक, जींद और पानीपत में हुए इन हादसों में कई लोग घायल भी हुए। वहीं कुरुक्षेत्र में अंगीठी की गैस के कारण दम घुटने से एक शख्स की मौत हो गई।
जींद जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए, इसमें एक अधिवक्ता की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। गांव कंडेला के पास सुबह एक टैंकर में ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रक रोडवेज बस में जा भिड़ा। वहीं एक प्राइवेट स्कूल की बस टैंकर से टकरा गई। बस में 40 बच्चे सवार थे, जो कि बाल-बाल बचे।
वहीं दूसरा हादसा जींद-गोहाना रोड पर हुआ। यहां एक कैंटर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दिल्ली के रोहिणी निवासी अधिवक्ता विकास की मौत हो गई। इस कार में एक बाइक की भी भिड़ंत हुई। इस हादसे में कार और बाइक सवार करीब पांच लोग घायल हुए।
रोहतक में दो चचेरे भाई 28 वर्षीय विक्की और 40 वर्षीय नरेश की गरनावठी मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। दोनों गांव बालंद के रहने वाले थे। वहीं पानीपत में ट्रक की टक्कर के चलते बाइक सवार एक महिला की भी मौत गई।
उधर, कुरुक्षेत्र के गांव ढंगाली में एक राइस मिल में काम करने वाले मुनीम की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वह रात में अंगीठी जलाकर सोया था और सुबह मृत मिला। वहीं यमुनानगर में भी ठंड के कारण एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जिसका शव गली में पड़ा मिला।



