पुलिस की मौजूदगी में हुआ मासूम नूर का अंतिम संस्कार, इन मांगों पर सहमति बनने के बाद 3 दिन से चल रहा धरना समाप्त

Yuva Haryana : हरियाणा के सिरसा में चार साल की बच्ची की किडनैपिंग के बाद हत्या के मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। दरअसल, मासूम बच्ची नूर का अंतिम संस्कार पुलिस की मौजूदगी में कर दिया गया है।
डबवाली के रामपुरा बिश्नोईया गांव में इस मामले को लेकर तीन दिनों से चल रहा धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी ने वीडियो कॉल के माध्यम से पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से बात की और जिसके बाद परिजनों ने बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया।

जानकारी के अनुसार डबवाली प्रशासन ने वीडियो कॉल के जरिए परिजनों की सीएम के ओएसडी से बात करवाई। इससे पहले डबवाली अस्पताल से पुलिस सुरक्षा में बच्ची का शव श्मशान घाट में लेकर आया गया। करीब तीन घंटे कोई संस्कार करने नहीं आया। इस बीच धरने पर एसडीएम ने कमेटी और पीड़ित की मां से बात करवाई। सरकार की तरफ से फास्ट ट्रैक ट्रायल और सीएम से पीड़ित परिवार की मुलाकात के आश्वासन के बाद बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया।
परिवार की मांग क्या ?
- फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाया जाए और सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले
- आरोपियों का घर पीड़ित परिवार के पास होने से परिवार को खतरा, आरोपियों का घर गांव से बाहर किया जाए
- पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए
- परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिले
- नूर के नाम पर गांव में स्मारक बने
- इस तरह की घटनाओं पर सख्त से सख्त कानून बनाया जाए
बताया जा रहा है कि इनमें से अनेक मांगों पर सरकार ने सहमति जता दी है।
इस मामले में एक जानकारी ये भी सामने आई है कि बच्ची नूर के माता-पिता से मुख्यमंत्री खुद मुलाकात करेंगे। इसको लेकर 22 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास पर परिवार को बुलाया गया है। ऐसे में अब कमेटी के लोग और परिवार के सदस्य सीएम से मिलने जाएंगे।
उधर, जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि डबवाली में मासूम बच्ची नूर का अपहरण के बाद हत्या करने वाले सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। वे शुक्रवार को गांव रामपुरा बिश्नोईयां पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह घटना बेहद हृदयविदारक है और इस अमानवीय कृत्य ने पूरे समाज की आत्मा को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घृणित और असंवेदनशील मानसिकता का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं हो सकता।

दिग्विजय चौटाला ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों के खिलाफ कानून के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सख़्त से सख़्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घटनाओं को अंजाम देने का दुस्साहस न कर सके।
दिग्विजय ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि जेजेपी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को एकजुट होकर ऐसे अपराधों के खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी, ताकि बेटियां सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में जीवन जी सके।
First published on: December 19, 2025 07:39 PM