Yuva Haryana: हरियाणा में खरीफ सीजन 2026-27 के लिए धान की सरकारी खरीद का सीजन समाप्त हो गया है। राज्य सरकार द्वारा इस सीजन के लिए 58 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) धान खरीद का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन रविवार तक कुल 48.81 एलएमटी धान की ही खरीद हो सकी। इस प्रकार राज्य में कुल खरीद अपने निर्धारित लक्ष्य से 9.19 एलएमटी कम रही है।
आवक, खरीद और उठान की स्थिति
प्रदेश में धान की सरकारी खरीद 29 सितंबर से शुरू हुई थी। पूरे सीजन के दौरान राज्य की मंडियों में किसान कुल 51.29 लाख मीट्रिक टन धान लेकर पहुंचे। इसमें से एजेंसियों द्वारा 48.81 एलएमटी धान खरीदा गया, जिसमें से अब तक 45.02 एलएमटी धान का उठान हो चुका है। खरीद प्रक्रिया बंद होने के बाद अब मंडियों में शेष बचे धान के उठान का कार्य ही किया जाएगा।
इन 8 जिलों में हुई सर्वाधिक धान की खरीद (आंकड़े लाख मीट्रिक टन में):
- कुरुक्षेत्र: 13 एलएमटी खरीद (9.03 एलएमटी उठान)
- कैथल: 14 एलएमटी खरीद (7.90 एलएमटी उठान)
- फतेहाबाद: 56 एलएमटी खरीद (5.99 एलएमटी उठान)
- करनाल: 90 एलएमटी खरीद (5.69 एलएमटी उठान)
- अंबाला: 23 एलएमटी खरीद (5.10 एलएमटी उठान)
- यमुनानगर: 84 एलएमटी खरीद (3.79 एलएमटी उठान)
- सिरसा: 75 एलएमटी खरीद (2.93 एलएमटी उठान)
- जींद: 71 एलएमटी खरीद (2.20 एलएमटी उठान)
उत्पादन कम होने से धीमी पड़ी रफ्तार
इस बार धान का उत्पादन कम होने के कारण मंडियों में आवक और उठान की गति करीब दो सप्ताह पहले ही धीमी हो गई थी। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने बताया कि प्रदेश की मंडियों में इस बार धान खरीद का कार्य बेहद व्यवस्थित ढंग से पूरा किया गया है और आगामी सीजन में किसानों के लिए इससे भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

