Yuva Haryana: हवाई अड्डे के सामने 22 एकड़ भूमि पर एकीकृत मेडिकल सिटी और क्षेत्रीय मेडिकल हब बनाने का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को सौंपा गया है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का ढांचा तैयार कर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को दिया गया है।
प्रस्ताव के तहत पहले चरण में 300 बिस्तरों वाला नागरिक अस्पताल स्थापित किया जाएगा। बाद में इसकी क्षमता बढ़ाकर दूसरे चरण में 500 और तीसरे चरण में 750 बेड तक की जा सकेगी। अस्पताल परिसर में भविष्य में नर्सिंग कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज और मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का भी प्रावधान रखा गया है।
चरणबद्ध तरीके से मिलेंगी ये सुविधाएं
पहला चरण: आपातकालीन सेवाएं, सामान्य चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, स्त्री रोग और बाल रोग की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
दूसरा चरण: हृदय, तंत्रिका, कैंसर, आघात और अंग प्रत्यारोपण सहित अन्य सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
तीसरा चरण: मेडिकल कॉलेज और फार्मेसी कॉलेज की स्थापना प्रस्तावित की गई है।
आयुष केंद्र और चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा
नागरिक अस्पताल परिसर में ही आयुष केंद्र और वेलनेस सेंटर भी शामिल होंगे, जहां आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक पद्धति से उपचार की सुविधा दी जाएगी। परिसर में सभी आवश्यक प्रयोगशालाएं भी होंगी ताकि जांच रिपोर्ट के लिए मरीजों को लंबा इंतजार न करना पड़े।
जिले में हवाई अड्डा विकसित होने के बाद यहां चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर में मेडिकल सिटी विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित एनआईसीडीसी-लिंक्ड एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर में बड़ी संख्या में श्रमिक, कर्मचारी और अधिकारी होंगे, जिन्हें नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए एयरपोर्ट के 2040 तक के संभावित यात्री भार, श्रमिकों और हिसार की आबादी के आधार पर एकीकृत मास्टर प्लान और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है।

