Yuva Haryana: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। हिसार STF की टीम ने विशेष सूचना के आधार पर आरोपी को हिसार के राजगढ़ रोड स्थित बाईपास फ्लाईओवर के पास से काबू किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब के अबोहर में शोरूम संचालक की हत्या के मामले में वांछित था। पंजाब पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
अवैध पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद
STF ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना आजाद नगर, हिसार में 2 अक्टूबर 2026 को FIR नंबर 520 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
अबोहर में शोरूम संचालक की हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपी अबोहर के न्यू वेयरवेल शोरूम के संचालक संजय वर्मा की हत्या के मामले में वांछित था। आरोप है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शोरूम के बाहर संजय वर्मा की हत्या की थी। इस मामले में थाना सिटी-1, अबोहर में 7 जुलाई 2025 को केस दर्ज किया गया था।
अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क की जांच जारी
STF आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों, संभावित सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई जारी: DGP
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि पुलिस संगठित अपराध और गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय को मजबूत करते हुए फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

