Yuva Haryana : हरियाणा में शिक्षा विभाग की ऑनलाइन पढ़ाई ठप पड़ी है। पिछले 10 महीने से करीब पांच लाख टैब बंद पड़े है।
एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार 25 करोड़ रुपए के इंतजार में 700 करोड़ के पांच लाख टैब बिना सिम और नेटवर्क के विद्यार्थियों के बस्तों और घरों में बंद पड़े है। हालांकि, टैब को सही कराने के लिए सीएम नायब सैनी की मंजूरी मिल चुकी है।
ऐसे में इस शैक्षणिक सत्र में इन पांच लाख टैब को चलाने की संभावना नहीं है, क्योंकि अभी तक सिम कार्ड को लेकर टेंडर तक जारी नहीं हो पाया है।
रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा में केवल करीब 3.42 लाख टैब ही चालू हालात में है, जबकि 1.58 लाख टैब या तो गुम हो गए है या फिर वर्किंग में नहीं है।
शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से जानकारी मांगी है ताकि अगले शैक्षणिक सत्र में इन टैब को चलाया जा सके।
साल 2022 में विद्यार्थियों को नए टैब वितरित किए गए थे। करीब 59 हजार टैब की स्क्रीन टूट चुकी है। वहीं करीब 40 हजार टैब टूटी स्क्रीन के साथ ही चलाए जा रहे है।
52 हजार से ज्यादा टैब की बैटरी कंडीशन खराब बताई जा रही है। इनके अलावा विद्यार्थियों को दिए गए टैब में से 3300 से ज्यादा गुम हो चुके है। वहीं 9600 से ज्यादा विद्यार्थियों ने टैब वापस नहीं किए है।
नूंह जिले में सबसे ज्यादा करीब 6400 टैब की स्क्रीन टूटी मिली है। कैथल में करीब 4500, पलवल में करीब 4100, गुरुग्राम में करीब 3600, जींद में 3400 और करनाल में करीब 3100 टैब की स्क्रीन टूटी हुई है।
इनके अलावा नूंह में 405, गुरुग्राम में 388, पलवल में 275, करनाल में 274, फरीदाबाद में 219 टैब गुम पाए गए है।



