Yuva Haryana : हरियाणा में आने वाले दिनों में पुराने वाहनों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं मिल पाएगा। दरअसल, हरियाणा सरकार जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों पर रोक लगाने के लिए दिल्ली एनसीआर में एक अक्टूबर से नई योजना लागू करने जा रही है।
राज्य सरकार योजना के पहले चरण में 30 सितंबर तक गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर के पेट्रोल पंपों पर 775 ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने की तैयारी में जुटी है। इस योजना पर लगभग 41 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि खर्च होगी।
इससे जुड़े प्रस्ताव को राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद अब एनसीआर के इन प्रमुख जिलों में जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों (End-of-Life Vehicles—ELVs) की पहचान और पर्यावरणीय मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए एएनपीआर कैमरे लगाने की प्रक्रिया तेजी पर चल रही है।
हरियाणा सरकार ने यह कदम वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (Commission for Air Quality Management—CAQM) द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार उठाया है।
किस जिले में कितने लगे ANPR कैमरे ?
गुरुग्राम – 249
सोनीपत – 215
झज्जर – 195
फरीदाबाद – 116
आपको ये भी बता दें कि हरियाणा परिवहन मंत्रालय के मुताबिक प्रदेश में कुल 2,780 एएनपीआर कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है। फिलहाल प्रथम चरण के तहत एएनपीआर कैमरों की स्थापना का कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाना है।
इसके पश्चात एक अक्टूबर, 2026 से हरियाणा के एनसीआर जिलों में जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों को ईंधन की आपूर्ति नहीं होगी। सरकार का कहना है कि राज्य सरकार इस पूरी प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है, ताकि CAQM के निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित की जा सके।



