Yuva Haryana : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जेल वार्डरो को बड़ी सौगातें दी है। दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को करनाल स्थित जेल प्रशिक्षण अकादमी में दीक्षांत परेड समारोह को संबोधित करते हुए जेल वार्डर की पदोन्नति, सेवा विस्तार और भत्तों पर बड़ी घोषणाएं की है।
सीएम की घोषणाएं
- अब जेल वार्डर को 18 वर्ष की सेवा अवधि में हेड वार्डर के पद पर पदोन्नति मिलेगी
- सुधारात्मक सेवा पदक विजेता वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को एक वर्ष के सेवा-विस्तार का लाभ मिलेगा
- जेल वार्डर और हेड वार्डर को भी पुलिस कांस्टेबल के समान भत्ता मिलेगा
- राशन भत्ते में भी आगामी वित्त वर्ष से अढ़ाई गुणा की बढ़ोतरी करते हुए 1500 रुपये किया गया
- कन्वेयन्स भत्ता को 50 रुपये से बढ़ाकर 720 रुपये किया गया
- वर्दी भत्ते को बढ़ाकर 7500 रुपये किया
सीएम ने ये भी बताया कि प्रदेश की जेलों में बंदियों के प्रवेश से लेकर रिहाई तक और उनके रहन-सहन, खान पान, उनकी मुलाकातें. चिकित्सा सुविधाएं, कोर्ट-पेशी व केंटीन व्यवस्था पूरी तरह से कम्प्यूटरीकृत हैं।

उन्होंने कहा कि बंदियों को शिक्षा प्रदान करने के लिए जेलों में स्किल डेवलपमेंट कोर्सेज चलाये जा रहे हैं। यही नहीं, हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि कैदी जेल से बाहर आने पर सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सके और समाज की मुख्यधारा में जुड़ सके।
सीएम ने बताया कि कैदियों के रोजगार के लिए सरकार ने प्रदेश की 8 जेलों में पेट्रोल पंप खोले हैं। इसके अलावा अगले महीने तक चार और जेलों में पेट्रोल पंप खोले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय जेल अंबाला, केंद्रीय जेल 1 हिसार तथा जिला जेल, फरीदाबाद, पानीपत, गुरुग्राम, करनाल, झज्जर, रोहतक, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में जेल रेडियो स्टेशन चलाए जा रहे हैं। राज्य की जेलों में 335 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इनके द्वारा बंदियों की विभिन्न माननीय न्यायालयों में ऑनलाइन पेशी करवाई जाती है।



