हरियाणा में नए साल में ‘छोटी सरकार’ के लिए चुनाव, तैयारी में जुटी प्रदेश सरकार

Yuva Haryana : छोटी सरकार कही जाने वाली स्थानीय निकाय के लिए जल्द हरियाणा में चुनावी बिगुल बजने वाला है। हरियाणा में नए साल पर प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है।
जनवरी 2026 में पंचकुला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। इन निगमों के साथ रेवाड़ी नगर परिषद, रोहतक की सांपला नगरपालिक और हिसार की उकलाना नगरपालिका का भी कार्यकाल समाप्त होने वाला है।
ऐसे में निकाय विभाग के वार्डबंदी कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अब तक छह निकायों में वार्डबंदी का काम पूरा किया जा चुका है और इनमें तीन निकायों में वार्ड भी आरक्षित किए गए है।
शहरी स्थानीय निकाय द्वारा यहां वार्डबंदी का कार्य पूरा करने के संबंधित अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। अब जल्द ही नगर निगमों के मेयर, नगरपालिकाओं और नगरपरिषदों के मेयर और पदों को आरक्षित करने पर फैसला लिया जा सकता है।
एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित जानकारी के अनुसार अधिसूचना में रेवाड़ी नगर परिषद में 32 वार्ड, सोनीपत नगर निगम में 22 वार्ड और अंबाला नगर निगम में 20 वार्ड निर्धारित किए गए है और इन सभी में वार्डों की सीमाएं निर्धारित कर दी गई है। इन्हीं सीमाओं के आधार पर चुनाव होगा। हालांकि, पंचकुला नगर निगम में अभी वार्डबंदी का कार्य पेंडिंग है।
उधर, रेवाड़ी की धारूहेड़ा, रोहतक की सांपला, हिसार की उकलाना नगर पालिका में वार्ड आरक्षित किए जा चुके है।
वहीं हरियाणा के निकाय मंत्री विपुल गोयल ने जानकारी दी है कि समय पर ही निकाय चुनाव होंगे। उन्होंने कहा कि अंबाला, पंचकुला और सोनीपत नगर निगम में चुनाव के विषय पर सीएम नायब सैनी के साथ विधायकों और मंत्रियों की बैठक भी हो चुकी है।
First published on: December 28, 2025 06:02 PM