Yuva Haryana : हरियाणा में जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री पूरी तरह से डिजिटल हो गई है। 1 नवंबर, 2025 से यह नई व्यवस्था प्रदेश की सभी 143 तहसीलों और सब तहसीलों में लागू है।
सरकार लोगों को कागजी कार्रवाई के झंझट से आजादी मिलने और भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगाने का निरंतर दावा कर रही है। वहीं, बीच-बीच में यह डिजिटल सेवा अनेकों जगह ठप पड़ने की खबरें भी सामने आई थी। हालांकि, सरकार निरंतर इसमें सामने आ रही परेशानियों को दूर कर रही है और नए-नए सुधार भी कर रही है।
इस बीच, पद्म भूषण सम्मानित बॉक्सर एमसी मैरी कॉम ने हरियाणा की पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की सराहना की है। दरअसल, बुधवार को फरीदाबाद में मैरी कॉम ने ग्रीन फील्ड सेक्टर-46 में ऑनलाइन रजिस्ट्री कराकर प्रॉपर्टी बेची।

मैरी कॉम का कहना है कि यह पहल आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है और इस प्रणाली के लागू होने से अब उन्हें तहसील कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होती है।
मैरी कॉम ने आगे कहा कि पूरी प्रक्रिया के डिजिटल होने से रजिस्ट्री कार्य में पारदर्शिता और सुगमता आई है। दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन तेजी से सम्पन्न हो रहा है, जिससे लोगों को तुरंत और भरोसेमंद सेवा प्राप्त हो रही है।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि यह प्रणाली नागरिकों के अनुभव को और सहज बनाएगी और सरकारी सेवाओं में तकनीकी रूपांतरण को और गति प्रदान करेगी।
मैरी कॉम ने हरियाणा सरकार के इस कदम को प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री न केवल प्रक्रियाओं को सरल बनाती है, बल्कि शासन प्रणाली में दक्षता भी बढ़ाती है।



