Yuva Haryana : हरियाणा में रविवार सुबह छाए घने कोहरे ने सड़कों पर कोहराम मचा दिया। इस सीजन का सबसे घना कोहरा छाया, जो कि खासा जानलेवा साबित हुआ।
दृश्यता कम होने के कारण हरियाणा के 10 जिलों में 16 सड़क हादसे हुए। इनमें 100 से ज्यादा वाहन टकारए। इन हादसों में एक 11 वीं की छात्रा समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए।
दादरी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, हिसार और जींद जिलों में सबसे अधिक हादसे हुए। दादरी के गांव कालियावास व भागवी के बीच बच्चों को टूर पर ले जा रही एक निजी स्कूल बस की रोडवेज से टक्कर हो गई। जिसमें दादरी स्थित गांधी नगर कॉलोनी निवासी 11वीं की छात्रा 14 वर्षीय इशिका की मौत हो गई। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से भी घायल हुए।
उधर, सीएम नायब सैनी ने छात्रा के परिवार के लिए 2.50 रूपए और उपचाराधीन आठ लोगों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की मंजूरी दी है। दुर्घटना के कारणों की गंभीरता से जांच करने के निर्देश भी दिए गए है।
नेशनल हाईवे 152डी पर रोहतक जिले के गांव खरकड़ा के नजदीक भी तूड़ी से भरी एक ट्रॉली से डंपर की टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से आया एक और ट्रक टकराकर पलट गया। यहां देखते ही देखते 30 से ज्यादा वाहन आपस में टकराए।
इस हादसे में दादरी जिले के रनीला के 25 वर्षीय आशीष और जींद के 35 वर्षीय सोहन लाल की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 25 लोग घायल हो गए।
रोहतक में एक और सड़क हादसा भी देखने को मिला, जो कि हिसार बाईपास पर पहरावर गांव में हुआ। यहां दो ट्रकों के बीच पिकअप गाड़ी आ गई। टक्कर में पिकअप चालक की मौत हो गई, जो कि यूपी का रहना वाला बताया जा रहा है।
वहीं 152 डी पर जींद जिले में तीन सड़क हादसे हुए। इन तीनों स्थानों पर करीब 30 गाड़िया टकराई और इनमें सात लोग घायल हुए।
इनके अलावा हिसार-सिरसा हाईवे पर बस की चपेट में आकर एक बाइक सवार ढाणी श्यामलाल निवासी (हिसार) 34 वर्षीय मनदीप की मौत हो गई।
सोनीपत में गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेस पर भी कई हादसे हुए। यहां 12 से ज्यादा वाहन टकराए और करीब 20 लोग घायल हुए।
जींद-गोहाना मार्ग पर भी निडाना के नजदीक एक बस और ईंटों से भरी ट्रॉली में टक्कर हो गई। हादसे में बस परिचालक, एक महिला और एक पुलिसकर्मी को चोटें आई।
वहीं हिसार में सात और हांस में तीन वाहन टकराए। फतेहाबाद में एक कार तालाब में गिरी गई और सिरसा में एक ट्रक पलट गया। झज्जर में सड़क किनारे खड़े ट्राले में तीन बसें भिड़ी।



