Yuva Haryana: हरियाणा में नायब सरकार के 2 साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार तथा विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को सेवा का दायित्व सौंपा है, हमारी सरकार उसे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निभा रही है।”
रिपोर्ट कार्ड की मुख्य बातें एवं घोषणाएं
संकल्प पत्र के वादे: सरकार ने 2 साल में संकल्प पत्र के 217 वादों में से 76 वादे पूरे कर लिए हैं, जबकि 141 वादों पर काम जारी है।
प्रमुख उपलब्धियां: सभी फसलों की MSP पर खरीद, सरकारी नौकरी की गारंटी, किडनी मरीजों के लिए मुफ्त डायलिसिस, 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, और पात्र महिलाओं को ₹2,100 मासिक सहायता शामिल है।
कड़े कानून: नकली खाद, बीज, कीटनाशक और डंकी रूट पर रोक लगाने के लिए सरकार ने सख्त कानून बनाए हैं।
वैश्विक निवेशक सम्मेलन (2027): हरियाणा में अप्रैल 2027 में ‘हैपनिंग हरियाणा वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2027’ का आयोजन किया जाएगा।
विपक्ष पर सीएम सैनी का तीखा हमला
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पर्ची-खर्ची, भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और क्षेत्रीय भेदभाव का बोलबाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज में पाताल से लेकर आकाश तक घोटाले हुए और विकास के मामले में केवल एक ही क्षेत्र को प्राथमिकता दी गई।
पीएम मोदी का हरियाणा दौरा जल्द
सीएम सैनी ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हरियाणा आने का अनुरोध किया है, जिसे पीएम ने स्वीकार कर लिया है। चर्चा है कि प्रधानमंत्री हरियाणा दिवस पर अंबाला आ सकते हैं और शहीदी स्मारक सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं।

