Yuva Haryana : हरियाणा सरकार प्रदेश के गांवों और शहरों में फायर सेफ्टी पर खासा फोकस कर रही है।
दरअसल, प्रदेश सरकार ने 200 करोड़ रुपए के खर्च से 59 नए फायर स्टेशन खोलने को मंजूरी प्रदान की है। किस जिले में कितने नए फायर स्टेशन खोले जाएंगे और सरकार ने क्या रोडमैप तैयार किया है ? चलिए आपको बताते है..
आपको बता दें कि आगजनी की बढ़ती घटनाओं और आग लगने से खेतों में फसलों को होने वाले भारी नुकसान को देखते हुए सरकार ने फायर सेफ्टी व्यवस्था को मजबूत करने का फैसला लिया है।
सरकार का मानना है कि नए 59 फायर स्टेशन खुलने से आपात स्थितियों में रिस्पांस टाइम में उल्लेखनीय कमी आएगी। दमकल गाड़ियां कम समय में मौके पर पहुंचेंगी, आग पर शुरुआती चरण में काबू मिलेगा और बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी।
गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 10, झज्जर-पानीपत में छह-छह, पंचकूला में पांच, फरीदाबाद में चार, जींद-रोहतक में तीन-तीन, अंबाला-भिवानी-हिसार-रेवाड़ी-नूंह-सिरसा-यमुनानगर में दो-दो नए फायर स्टेशन खोले जाएंगे। इनके अलावा दादरी, फतेहाबाद, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, पलवल, कैथल और महेंद्रगढ़ जिले में एक-एक नया फायर स्टेशन खुलेगा।
आपको बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा साल 2026 के तय नियमों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक 10 वर्ग किलोमीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक 50 वर्ग किलोमीटर के दायरे पर फायर स्टेशन होना जरूरी है।
अब राज्य सरकार ने इन नियमों के तहत सभी जिला प्रशासन, नगर निगमों को पत्र लिखकर नए फायर स्टेशनों को लेकर तलब किया है।
एक आंकड़े के अनुसार प्रदेश में हर साल दो हजार एकड़ से ज्यादा फसलों में आगजनी के कारण खासा नुकसान पहुंचता है।



