हरियाणा में आढ़तियों के भुगतान में देरी, धान के उठान की मजदूरी का पैसा भी अटका

Yuva Haryana : हरियाणा में आढ़तियों से जुड़ी बड़ी परेशानी सामने आई है। प्रदेश में करीब दो महीने से चल रही धान की खरीद के दौरान अब तक आढ़तियों को सरकार की ओर से मिलने वाली आढ़त और मजदूरों की मजदूरी नहीं मिली है, जिसके चलते आढ़ती खुद की जेब से मजदूरों को पैसा देने को मजबूर है।
एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार 24 सितंबर से प्रदेश की मंडियों धान की खरीद शुरू हो गई थी, लेकिन करीब सवा दो माह बाद भी आढ़तियों को मजदूरों के करीब 190 करोड़ रुपये की मजदूरी मिलने का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक हरियाणा में करीब 30 हजार आढ़तियों के करीब 5 लाख मजदूर काम करते है। अभी तक सरकार द्वारा इनकी मजदूरी नहीं देने के चलते अधिकतर आढ़ती बैंकों से पैसे उधार लेकर उन्हें मजदूरी दे रहे है और लाखों रुपये ब्याज का बोझ उठा रहे हैं।
आढ़तियों के अनुसार धान खरीद के बाद जे फार्म बनता है और फिर किसानों को उसका भुगतान किया जाता है। वहीं मंडियों से धान उठान के 48 घंटे में किसानों के साथ ही आढ़तियों को मजदूरों का पैसा उनके खातों में भेज दिया जाता है, लेकिन आढ़तियों को अभी तक आढ़त का भी पैसा नहीं मिला है।
हरियाणा राज्य अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक का आरोप है:-
“प्रदेश में अभी तक हुई धान की खरीद के अनुसार मजदूरों को करीब 16 करोड़ बैग की लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य करना पड़ा। एक बैग 37.50 किग्रा वजन का होता है और मजदूरों को लोडिंग-अनलोडिंग के लिए प्रति बैग करीब 12.07 रुपये का भुगतान होना है। इसी तरह से आढ़तियों को आढ़त का भी कमीशन नहीं मिला जोकि प्रति क्विंटल 55 रुपये तक होगा। मुख्यालय की तरफ से खरीद का कार्य पूरा होने के 15 दिनों के बाद आढ़त का भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन मजदूरों की मजदूरी का भुगतान जल्द हो”
आपको यह भी बता दें कि इस संबंध में हरियाणा राज्य अनाज मंडी आढ़त एसोसिएशन की ओर से खाद्य आपूर्ति विभाग के मुख्यालय में पत्र भेजकर शिकायत भी की गई है और मजदूरों के भुगतान की मांग भी उठाई गई है।
वहीं अधिकारियों का कहना है कि सितंबर को भी सभी जिलों को भुगतान के लिए पत्र लिखा गया था और बैंकों को भी कहा गया था। अब ई-खरीद पोर्टल के माध्यम से भुगतान आढ़तियों के पास जाएगा ई-खरीद पोर्टल से पैसे भुगतान का संज्ञान लिया जाएगा।
उधर, इस बारे में हरियाणा के खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री राजेश नागर का कहना है कि आढ़तियों को मजदूरी का भुगतान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भुगतान में जो भी बाधा है उसे दूर कराया जाएगा। उन्होंने आढ़तियों से भी अपील करते हुए कहा कि इस तरह की कोई परेशानी आती है तो सीधे समस्याएं बता सकते हैं।
First published on: November 12, 2025 06:04 PM