फोटो को लेकर कांग्रेस ऑफिस में विवाद, स्थापना दिवस पर सामने आई खेमेबाजी

Yuva Haryana : गुटबाजी को लेकर हरियाणा कांग्रेस बेहद चर्चा में रहती है। खेमेबाजी का एक मामला शांत होता है तो इतने में एक और नया मामला सामने आ जाता है।
कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा कांग्रेसियों को अनुशासन का पाठ पढाए जाने और सख्त लहजे में अनुशासन के संबंध में दिशा-निर्देश देने के बावजूद भी कांग्रेस में गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है।
ताजा मामला गुरुग्राम जिले का है। हैरानी की बात है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140 वें स्थापना दिवस के अवसर पर भी कांग्रेसी विवाद करने से बाज नहीं आए।
दरअसल, एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार कांग्रेस जिला कार्यालय में एक कांग्रेस नेता ने सांसद कुमारी शैलजा की फोटो हटाने पर विवाद खड़ा कर दिया।
कांग्रेस नेता पीएल कटारिया ने कुमारी शैलजा की फोटो ऑफिस से हटाने पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि 24 दिसंबर को उन्होंने शैलजा की एक बड़ी फोटो कांग्रेस कार्यालय में लगाई थी, लेकिन ऑफिस से उनके द्वारा लगाया गया फोटो हटा दिया गया।
कटारिया ने कहा कि या तो पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का भी फोटो ऑफिस से हटाया जाए या फिर कुमारी शैलजा का भी फोटो फ्रेम लगाया जाए। अगर कुमारी शैलजा की फोटो एक हफ्ते के भीतर नहीं लगाई जाती है तो वह खुद ऑफिस में दोबारा फोटो लगाएंगे।
उधर, इस गुटबाजी के मामले पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डागर का कहना है कि प्रोटोकॉल के अनुसार ही सभी वरिष्ठ नेताओं की फोटो कार्यालय में लगी हुई है। थोड़े दिन पहले ऑफिस के मरम्मत कार्य के दौरान कुमारी शैलजा का फोटो फ्रेम टूट गया था। शैलजा और सुरजेवाला भी हमारे वरिष्ठ नेता है और उनके भी फोटो हमारे कार्यालय में लगे हुए है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि पीएल कटारिया ने जो भी मुद्दा उठाया है, उसका समाधान किया जाएगा। पार्टी में अनुशासनहीनता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ये भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान कोई विवाद नहीं हुआ है।
First published on: December 29, 2025 01:31 PM