Yuva Haryana: हरियाणा में बागवानी विभाग की योजनाओं के तहत बनाए गए नेट हाउस में बड़े स्तर पर गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े के आरोप सामने आए हैं। सिरसा, भिवानी, जींद, फतेहाबाद और कैथल समेत विभिन्न जिलों के किसानों ने नेट हाउस की घटिया गुणवत्ता, गलत बिलिंग, बीमा और मरम्मत को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं। शिकायतकर्ताओं ने सीएम विंडो, बागवानी विभाग और सीएमओ तक मामला पहुंचाया है, जिसकी विजिलेंस विंग एक साल से अधिक समय से जांच कर रही है।
आरटीआई से सामने आई कंपनी की भूमिका
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत 2018 से 2025 के बीच कुछ कंपनियों द्वारा लगाए गए नेट हाउस का विवरण जुटाया गया। सामने आई जानकारी के अनुसार, करनाल की एक कंपनी प्रदेश में करीब 350 नेट हाउस लगा चुकी है। किसानों का आरोप है कि सब्सिडी योजनाओं के तहत हुए कार्यों में अनियमितताएं बरती गईं और नियमों की अनदेखी हुई।
बागवानी विभाग में पहुंचे किसानों ने सुनाई आपबीती
हिसार स्थित बागवानी विभाग कार्यालय पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर जांच की मांग की और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए:
- आशाखेड़ा (सिरसा) के किसान संदीप ने बताया कि उन्होंने 2025 में संबंधित कंपनी से नेट हाउस लगवाया था, जिस पर 28 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। उनका कहना है कि दूसरे सप्ताह ही नेट हाउस फट गया और जब उन्होंने शिकायत की तो कंपनी ने 84 लाख रुपये का बिल बना दिया।
- आशाखेड़ा के किसान राजू व मनीराम ने बताया कि उन्होंने एक-एक एकड़ में नेट हाउस लगवाए थे, लेकिन खराब गुणवत्ता के कारण उनकी करीब 1 लाख रुपये की खीरे की फसल जल गई।
- सुकमा (कैथल) निवासी विजय ने बताया कि उन्होंने 2025 में डेढ़ एकड़ में नेट हाउस लगवाया था, लेकिन घटिया स्तर की सामग्री के कारण फसलें ठीक से नहीं लग पाईं। शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने की बात उन्होंने कही।
- मिताथल (भिवानी) निवासी अशोक के अनुसार, एक कंपनी ने लगभग 350 नेट हाउस लगाए हैं और किसानों से लिए गए 30-30 हजार रुपये के बीमे में भी 107 किसानों का बीमा फर्जी पाया गया, जिसकी शिकायत सीएम विंडो पर दर्ज है।
स्वतंत्र जांच की मांग और विभाग का पक्ष
किसानों ने मांग की है कि उपनिदेशक के बजाय किसी अन्य विभाग के अधिकारियों से स्वतंत्र जांच कराई जाए, ताकि संभावित बड़ी गड़बड़ियों का खुलासा हो सके। किसानों ने इस संबंध में ईमेल भी भेजा है। वहीं, गुरुवार को हिसार कार्यालय में सुनवाई के दौरान उपनिदेशक द्वारा शिकायतकर्ता किसानों की हाजिरी दर्ज किए बिना चले जाने पर किसानों ने रोष जताया।
दूसरी ओर, बागवानी विभाग के उपनिदेशक देवीलाल ने बताया कि गुरुवार को 11 बजे सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन शिकायतकर्ता मौके पर नहीं पहुंचे और उन्होंने पहले ही मेल भेजकर जांच न करवाने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा कि आशाखेड़ा के कुछ किसानों के कोर्ट केस भी चल रहे हैं। विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड, एचआईडी और एमआईडीएच जैसी योजनाओं के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को 50 प्रतिशत तथा एससी वर्ग के किसानों को 85 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है, जिसके लिए आवेदन, पड़ताल और सर्वे के बाद राशि जारी की जाती है। एमआईडीएच स्कीम के तहत साल 2024-25 में 8,388 किसानों और एचआईडी के तहत 10,328 किसानों को लाभ मिलने की जानकारी दी गई है।

