Yuva Haryana : इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित इनेलो पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर बीजेपी सरकार को घेरा है।
उन्होंने कहा कि हमने किसानों के खेतों में खड़े पानी की निकासी और जलभराव के कारण बर्बाद हुई फसलों के मुआवजा न देने जैसे अति महत्वपूर्ण मुद्दों पर राज्यपाल से समय मांगा था क्योंकि सीएम को बार-बार कहने के बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया गया।
अभय ने कहा कि पहले हमें आज के लिए 11 बजे का समय दिया गया था। कल फिर उन्होंने मैसेज कर कहा कि अभी समय नहीं मिल सकता है। किसानों की फसलें खराब हो गई हैं। उन्हें अब तक मुआवजा नहीं दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि विशेष गिरदावरी तक नहीं करवाई गई है। किसानों को भावांतर का पैसा नहीं मिल रहा। किसानों को खाद नहीं मिल रहा। खेतों में अभी तक पानी खड़ा है, अन्नदाता मर रहा है और सरकार उत्सव मनाने में व्यस्त है। 1 नवंबर से 3 नवंबर तक उत्सव मनाया जाएगा।
अभय ने कहा कि इनेलो ने फैसला किया है कि हम 3 नवंबर को किसानों के साथ मिल कर जिन जिलों में जलभराव है और जिन जिलों में मंडियों में धान और बाजरे की खरीद नहीं हो रही और खाद नहीं मिल रहा वहां जिला उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपेंगे और अगर जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन भी करेंगे।
इनेलो नेता ने यह भी कहा कि अगर किसान के खेत में थोड़ी सी चिंगारी दिखाई देती है तो सरकार को सैटेलाइट से दिख जाता है लेकिन किसानों की लाखों एकड़ फसल खराब हो गई है वो इन्हें दिखाई नहीं देता।
अभय ने कहा कि इस बार न तो पंजाब में ज्यादा पराली जली न हरियाणा में। लेकिन दिल्ली सरकार के लोग अपनी असफलता छुपाने के लिए इस तरह की बात करते हैं। दिल्ली सरकार ने प्रदूषण रोकने के इस कृत्रिम बारिश करवाई लेकिन बारिश नहीं हुई।



