Yuva Haryana: हरियाणा में लगातार तीन विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद कांग्रेस ने पार्टी संगठन को नए सिरे से मजबूत और सक्रिय करने के लिए अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब विधानसभा के भीतर भाजपा सरकार को घेरने के साथ-साथ प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान, ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन और राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने की व्यापक तैयारी में जुटी है।
वरिष्ठ नेताओं को एकजुट करने और समन्वय की पहल
इस पूरी रणनीति में हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की भूमिका अहम मानी जा रही है। दोनों नेता वरिष्ठ नेताओं को एक मंच पर लाने और उनके बीच बेहतर तालमेल बैठाने का प्रयास कर रहे हैं। नेतृत्व की कोशिश है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और दीपेंद्र हुड्डा सहित तमाम वरिष्ठ नेता साझा कार्यक्रमों में शामिल हों और संगठन के फैसलों में एकजुट होकर आगे बढ़ें। इसी कड़ी में 26 नवंबर को पंचकूला में ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन शक्ति प्रदर्शन के रूप में किया गया, जिसमें सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों और 180 संगठनात्मक ब्लॉकों से प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
जमीनी पकड़, सामाजिक समीकरण और बूथ स्तर के अभियान
बड़े आयोजनों के अलावा जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने के लिए ब्लॉक सम्मेलनों, गांवों में चौपालों और शहरों के वार्डों में नियमित जनसंपर्क की योजना बनाई गई है। साथ ही, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट रक्षक अभियान’ के जरिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता का मुद्दा बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी है।
संगठन के नियमित कामकाज में अनुसूचित जाति के साथ-साथ ब्राह्मण, पंजाबी और बनिया वर्ग के प्रतिनिधियों को अधिक भागीदारी व जिम्मेदारियां देकर सामाजिक समीकरण साधने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा कांग्रेस रोजगार, सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती में देरी, किसानों की फसल खरीद व उचित मूल्य, महंगाई, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

