Yuva Haryana: हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के बैंक खातों में सेंधमारी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पहले जहां सात संस्थाओं के खातों से 74.70 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया था, वहीं अब फतेहाबाद जिला परिषद के खाते से 87.48 लाख रुपये निकाले जाने का खुलासा हुआ है. इसके अलावा हिसार में भी खातों के मिलान के दौरान गड़बड़ी पाई गई है, जिसकी जांच की जा रही है.
प्रारंभिक तौर पर बैंक सर्वर हैक होने की आशंका जताई जा रही है और पूरे मामले की जांच साइबर पुलिस को सौंपी गई है. जानकारी के मुताबिक, फतेहाबाद में 10 से 15 नवंबर के बीच 14 बार में यह रकम निकाली गई है. इससे पहले जिला परिषद फरीदाबाद, ग्राम पंचायत निगदू (नीलोखेड़ी), मेहुवाला (फतेहाबाद) तथा पंचायत समितियों अंबाला, महम, फरीदाबाद और समालखा के खातों से 74.70 लाख रुपये निकाले गए थे.
सभी जिलों से मांगी रिपोर्ट, निकासी पर रोक
बढ़ते मामलों को देखते हुए पंचायती राज विभाग ने सभी जिलों से बैंक खातों की रिपोर्ट तलब की है. ग्राम पंचायतों से लेकर जिला परिषदों तक बैंक खातों का ऑडिट और मिलान कराया जा रहा है. विभाग ने फिलहाल प्रभावित खातों से निकासी पर रोक लगा दी है, जिससे पंचायतों के विकास कार्यों और ठेकेदारों के भुगतान पर असर पड़ रहा है।
विभाग के 4 प्रमुख निर्देश
रोजाना मिलान: बैंक खातों के इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन का ऑटोमेटेड मिलान होगा और रिकॉर्ड में किसी भी अंतर को 24 घंटे के भीतर दूर करना अनिवार्य होगा।
अधिकृत लाभार्थी: वेंडर्स और भुगतान पाने वालों की प्रमाणित सूची बैंकों को देनी होगी तथा इस सूची से बाहर कोई भुगतान नहीं किया जाएगा।
क्लाउड सुरक्षा: डेटा और एप्लिकेशन को अनवेरिफाइड प्लेटफॉर्म पर नहीं रखा जा सकेगा, बल्कि उन्हें मान्यता प्राप्त क्लाउड पर शिफ्ट किया जाएगा।
मेकर-चेकर व्यवस्था: भुगतान तैयार करने और जांचकर मंजूरी देने वाले अधिकारियों को अलग-अलग रखा जाएगा.
6,230 पंचायतों के खुलेंगे अलग चाइल्ड खाते
महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत प्रदेश की सभी 6,230 ग्राम पंचायतों के लिए अलग चाइल्ड खाते खोले जाएंगे।ये खाते मुख्य खाते से जुड़े होंगे और सरपंच व ग्राम सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से संचालित किए जाएंगे। विभाग के निदेशक ने केनरा बैंक की पंचकूला सेक्टर-10 शाखा को ये खाते खोलने के निर्देश दिए हैं।

