यह मामला खरीफ सीजन 2025 में ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर कथित फर्जी फसल पंजीकरण से जुड़ा है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (CM Flying Squad) हिसार की जांच के बाद बड़ागुढ़ा थाने में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने वास्तविक किसानों की जमीन और पहचान संबंधी जानकारी का इस्तेमाल कर अपने नाम पर धान की फसल का पंजीकरण कराया और सरकारी खरीद एजेंसियों के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ लिया।
जमीन एक-दो एकड़, पोर्टल पर 20 एकड़ तक धान का पंजीकरण
जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, कुछ लोगों के पास केवल एक-दो एकड़ जमीन होने के बावजूद उनके नाम पर पोर्टल में 20-20 एकड़ तक धान की फसल दर्ज दिखाई गई। कई मामलों में दूसरे गांवों की जमीन को संबंधित व्यक्ति के नाम से जोड़कर पंजीकरण कराने का आरोप है।
कथित फर्जीवाड़े का एक मामला कंवरपुरा गांव की करीब 15 एकड़ जमीन से भी जुड़ा है। आरोप है कि इस जमीन पर धान की फसल दिखाकर 8 लाख 34 हजार रुपये का सरकारी भुगतान दर्ज कराया गया, जबकि वहां वास्तव में धान की खेती नहीं हुई थी। कुछ मामलों में खेतों में कपास, बाजरा, ग्वार या मूंग की फसल होने के बावजूद सरकारी रिकॉर्ड में धान का पंजीकरण दिखाया गया।
दूसरे राज्यों से सस्ता धान लाकर MSP पर बेचने का आरोप
मामले में यह आरोप भी सामने आया है कि कुछ आढ़तियों और बिचौलियों ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान से 1,800 से 2,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर धान खरीदा। इसके बाद इसे हरियाणा की मंडियों में सरकारी खरीद के तहत 2,489 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेच दिया गया।
इस तरह प्रति क्विंटल करीब 500 रुपये तक के अंतर का कथित लाभ उठाने की बात सामने आई है। आरोपों के मुताबिक, फर्जी पंजीकरण के आधार पर खरीद टोकन हासिल किए गए और सरकारी एजेंसियों को धान की बिक्री दिखाई गई। हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच करेगी साइबर सेल
बड़ागुढ़ा थाने के जांच अधिकारी लाभ सिंह के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी फसल पंजीकरण किसने करवाया, सरकारी खरीद किसके नाम पर दिखाई गई और किसानों के नाम पर जारी भुगतान आखिर किन लोगों तक पहुंचा।
इसके लिए संबंधित बैंक खातों की स्टेटमेंट खंगाली जाएगी। पुलिस यह भी जांच करेगी कि सरकारी राशि पहले किस खाते में आई, वहां से कितनी रकम निकाली गई और आगे किन खातों में ट्रांसफर की गई। कुछ मामलों में रिश्तेदारों और परिचितों के बैंक खातों में भी भुगतान पहुंचने की बात सामने आई है।
मोबाइल नंबर और सरकारी विभागों के रिकॉर्ड भी जांच के घेरे में
पंजीकरण के दौरान पोर्टल पर दर्ज किए गए मोबाइल नंबरों की भी जांच होगी। रिपोर्ट के अनुसार, कई नंबरों पर इनकमिंग कॉल की सुविधा तक उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस पता लगाएगी कि इन नंबरों को किसने उपलब्ध कराया और किसानों की पहचान से जुड़े विवरणों का सत्यापन कैसे हुआ।
जांच के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, मार्केट कमेटी और कृषि विभाग से जुड़े दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। शिकायत में संबंधित विभागों के कुछ कर्मचारियों और आढ़तियों की संभावित भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड का मिलान करने के बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर सकती है।
फिलहाल मामले में 48 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज है और जांच जारी है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि फर्जी पंजीकरण किस स्तर पर हुआ, सरकारी धन किन लोगों तक पहुंचा और इसमें अन्य किन व्यक्तियों की भूमिका रही।

