हरियाणा के शहरों में 2 और गांवों में 4 घंटे में बदले जाएंगे खराब ट्रांसफार्मर, किसानों को नहीं लाना पड़ेगा वाहन
Yuva Haryana: हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं और किसानों को खराब ट्रांसफार्मर की वजह से लंबे समय तक बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। बिजली निगमों ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मर बदलने की समयसीमा तय कर दी है। अब शहरों में खराब ट्रांसफार्मर दो घंटे और गांवों में चार घंटे के भीतर बदलना अनिवार्य होगा। इसके लिए प्रत्येक सब-डिवीजन में पर्याप्त ट्रांसफार्मर बैंक और मोबाइल ट्रॉली उपलब्ध रखी जाएंगी।
बिजली निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए किसानों को अपने स्तर पर वाहन या ट्रॉली की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी। निगम खुद खराब ट्रांसफार्मर को ले जाने और नया ट्रांसफार्मर पहुंचाने के लिए जरूरी इंतजाम करेगा।
हर सब-डिवीजन में रहेगा ट्रांसफार्मर का स्टॉक
नए निर्देशों के अनुसार, बिजली निगमों के प्रत्येक सब-डिवीजन में पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध रखने होंगे। इसके साथ मोबाइल ट्रांसफार्मर और कार्यशील ट्रॉली की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि खराबी की सूचना मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंच सकें।
अधिकारियों को पर्याप्त वाहन और मोबाइल ट्रांसफार्मर रखने के निर्देश दिए गए हैं। गर्मी और धान के सीजन में बिजली की मांग बढ़ने तथा ट्रांसफार्मर खराब होने की आशंका को देखते हुए चार से पांच महीने के लिए अतिरिक्त ठेकेदारों और वाहनों की व्यवस्था भी पहले से करनी होगी।
इसका उद्देश्य यह है कि पीक सीजन में ट्रांसफार्मर खराब होने पर संसाधनों की कमी के कारण मरम्मत या बदलाव में देरी न हो।
तकनीकी कर्मचारियों को सुरक्षा किट देना जरूरी
एमडी विक्रम सिंह ने बिजली लाइनों और उपकरणों पर काम करने वाले तकनीकी कर्मचारियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। सभी कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा किट उपलब्ध करानी होगी।
ट्रांसफार्मर बदलने, बिजली लाइनों की मरम्मत और अन्य तकनीकी कामों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना होगा। इसके अलावा 11 केवी और 33 केवी फीडरों के आसपास पेड़ों की समय पर छंटाई कराने को कहा गया है, ताकि तेज हवा और बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम हो सके।
9 दिसंबर को अनिल विज करेंगे बिजली निगमों की समीक्षा
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज 9 दिसंबर को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इस बैठक से पहले एमडी ने सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और फील्ड अधिकारियों को अपने क्षेत्रों की प्रगति, उपलब्धियों और लंबित मामलों की समीक्षा करने को कहा है।
अधिकारियों को बिजली आपूर्ति से जुड़े दैनिक आंकड़े नियमित रूप से अपडेट करने और हर दिन सुबह 11 बजे तक ऊर्जा मंत्री के कार्यालय भेजने होंगे। पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाने और जलभराव से बचाव पर जोर
निगम प्रबंधन ने सब-स्टेशनों के अपग्रेडेशन और उनकी क्षमता बढ़ाने के काम प्राथमिकता से पूरे करने को कहा है। जिन सब-स्टेशनों पर क्षमता से अधिक लोड है, वहां जरूरी सुधार किए जाएंगे।
बारिश और बाढ़ के दौरान बिजलीघरों में जलभराव रोकने के इंतजाम भी करने होंगे। यदि किसी सब-स्टेशन में पानी भरने की स्थिति बनती है तो वैकल्पिक स्रोतों से बिजली आपूर्ति बहाल रखने की व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा एचवीपीएनएल की ओर से चिह्नित लाइटनिंग अरेस्टर, अर्थिंग और जीओ स्विच से जुड़े लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली चोरी और बकाया वसूली पर भी सख्ती
बिजली निगमों को बिजली चोरी के मामलों में भी समयसीमा के भीतर कार्रवाई करनी होगी। एफआईआर दर्ज होने के तीन महीने के भीतर अदालत में चालान पेश करना होगा, जबकि पुराने लंबित मामलों का एक महीने में निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थायी रूप से बिजली कनेक्शन कटवा चुके उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली के लिए लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे। ऐसे परिसरों की जांच और भौतिक सत्यापन के लिए तीन अधिकारियों की कमेटी गठित करने को भी कहा गया है।
निगम प्रबंधन का जोर बिजली आपूर्ति में सुधार, शिकायतों के समयबद्ध समाधान और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर है। अब 9 दिसंबर की समीक्षा बैठक में इन निर्देशों के पालन और बिजली सेवाओं की प्रगति का आकलन किया जाएगा।

