Yuva Haryana : दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंचने के बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा चरण लागू कर रखा है। आयोग के आदेश के बाद अब दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम जिले में भी आदेशों का अनुपालन किया जा रहा है।
दरअसल, गुरुग्राम जिला प्रशासन ने रविवार को ग्रैप का चौथा चरण लागू करते हुए सरकारी कार्यालयों की टाइमिंग बदली है और वहीं निजी संस्थानों में वर्क फ्रॉम होम के लिए एडवाइजरी जारी की है। वहीं निर्माण कार्य, आरएमसी प्लांट और जनरेटर पर भी रोक लगा दी गई है।
जिला प्रशासन ने ग्रैप-4 के तहत सख्त कदम उठाते हुए सरकारी विभागों, निजी संस्थानों और कॉरपोरेट कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम करने और शेष को वर्क फ्रॉम होम पर रखने की एडवाइजरी जारी की है।
यह व्यवस्था 22 दिसंबर से अगले आदेश तक लागू रहेगी। गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि सीएक्यूएम के 13 दिसंबर के आदेशों के तहत एनसीआर क्षेत्र को यह निर्णय लेने के निर्देश दिए गए है।
अब सरकारी कार्यालय सुबह 9.30 बजे शाम 5.30 बजे और नगर निकाय के ऑफिस सुबह 8.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक खुले रहेंगे।
इन बदले हुए दफ्तर के समय का मकसद यह है कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में लोगों का सफर बंट जाए। इससे सड़कों पर ट्रैफिक जाम कम होगा। जिला प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था तब तक लागू रहेगी जब तक ग्रैप-4 क्षेत्र में प्रभावी है।
उन्होंने बताया कि ग्रैप-4 के नियमों का लक्ष्य है कि सड़कों पर वाहनों की संख्या कम कर प्रदूषण में राहत पहुंचाई जाए। ऐसे में सभी तरह के निर्माण कार्य, आरएमसी प्लांट और जनरेटर के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।
आपको बता दें कि पिछले तीन दिनों से गुरुग्राम का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 300 के पार बना हुआ है। एक रिपोर्ट के अनुसार रविवार को गुरुग्राम का एक्यूआई बहुत खराब क्षेत्री 328 दर्ज किया गया था।
दिल्ली-एनसीआर में कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) के ग्रैप 4 लागू करने के बाद गुरुग्राम प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब हो गई है। सोमवार सुबह गुरुग्राम में एक्यूआई 325 दर्ज किया गया, जो कि बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, दिल्ली का एक्यूआई 366 रहा जो बहुत खराब है।



