Yuva Haryana : हरियाणा के करीब 1500 करोड़ रुपये के वर्क स्लिप घोटाले की जांच अब नई कमेटी करेगी। आईएएस पंकज अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सरकार ने वरिष्ठ आईएएस एके सिंह की अध्यक्षता में नई समिति गठित की है। इस कमेटी को 60 दिन के अंदर मामले की रिपोर्ट सीधी मुख्यमंत्री को सौंपनी होगी।
पुरानी कमेटी नहीं कर पाई जांच पूरी
इससे पहले पंकज अग्रवाल की अध्यक्षता वाली कमेटी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन वह करीब छह महीनों में केवल दो बैठकें ही कर पाई इसलिए सरकार ने जांच की जिम्मेदारी नई कमेटी को सौंपते हुए समय सीमा तय कर दी।
19.7 लाख फर्जी स्लिप
नई कमेटी ने जांच शुरू करते ही श्रम विभाग की पिछले चार महीने में हुई विभागीय जांच का रिकॉर्ड सामने लाया है। विभाग ने रिपोर्ट के अनुसार जानकारी दी है कि 21,78,523 वर्क स्लिपों की जांच में सिर्फ 2,70,578 सही मिली, जबकि 19,07,578 फर्जी पाई गई यानी कि जांच में करीब 88 फीसदी वर्क स्लिप फर्जी निकली।
मंत्री के आदेश पर हुई थी पहली जांच
वर्क स्लिपों की विभागीय जांच श्रम मंत्री अनिल विज के आदेश पर कराई गई थी। फिलहाल इसकी रिपोर्ट अब मुख्यमंत्री के आदेश पर गठित नई कमेटी को सौंपी गई है।

