Yuva Haryana : हरियाणा में बिजली चोरी रोकने के लिए राज्य सरकार सख्त होती हुई दिख रही है। दरअसल, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिजली बिजली चोरी में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करने की बात अधिकारियों से कही है। साथ ही उन्होंने डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं पर कानूनी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी है।
अधिकारियों के साथ बिजली चोरी के मामलों पर समीक्षा करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की जाए और बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के विरूद्ध सख्त कार्यवाही अमल लाते हुए कानूनी कार्यवाही की जाए।
विज ने कहा कि आदतन बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं का डाटा इकट्ठा किया जाए और ऐसे सभी उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। इस बारे में संबंधित अधिकारियों को विज ने एक माह का समय निर्धारित किया हैं।
साथ ही मंत्री अनिल विज ने डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं से रिकवरी वसूलने के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं से गंभीरता के साथ रिकवरी करनी होगी अन्यथा ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन गांवों में लगभग शत-प्रतिशत बिजली की चोरी हो रही है और रिकवरी की राशि बकाया है, वहां के सरपंच से बातचीत की जाए ताकि रिकवरी की वसूली हो सकें।
विज ने कहा कि ऐसे गांवों में रिकवरी के संबंध में एक व्यापक अभियान चलाया जाए और जिला के उपायुक्त सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया जाए। विज ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अब नियमित तौर पर रिकवरी की निगरानी उनके द्वारा रखी जाएगी।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा 492.57 करोड़ रुपए की रिकवरी
ऊर्जा मंत्री को बैठक में बताया गया कि 16 अप्रैल, 2025 से 30 सितंबर, 2025 तक उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा बिजली डिफाल्टर उपभोक्ताओं से 492.57 करोड़ रुपए की रिकवरी की गई है। जिसमें पंचकूला द्वारा 18.64 करोड, अंबाला में 23.89 करोड़, यमुनानगर में 117.05 करोड़, कुरुक्षेत्र में 23.21 करोड, कैथल में 46.21, करनाल में 32.37 करोड़, पानीपत में 73.93 करोड, सोनीपत में 54.84 करोड़, रोहतक में 57.12 करोड, झज्जर में 45.31 करोड़ रुपए की रिकवरी की गई है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा 489.65 करोड़ रुपए की रिकवरी
इसी प्रकार, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा 16 अप्रैल, 2025 से 30 सितंबर, 2025 तक 489.65 करोड रुपए की रिकवरी की गई है जिसमें से गुरुग्राम-2 में 22.99 करोड़, गुरुग्राम-1 में 5.81 करोड, फरीदाबाद में 42.49 करोड, पलवल में 102.24 करोड़, नारनौल में 28.77 करोड़, रेवाड़ी में 12.82 करोड़, भिवानी में 50.82 करोड, हिसार में 97.36 करोड़, फतेहाबाद में 41.86 करोड़, सिरसा में 29.14 करोड़, जींद में 55.35 करोड़ रुपए की रिकवरी की गई है।



