Yuva Haryana : हरियाणा में महिलाओं से जुड़ी नई दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की राज्य सरकार ने चौथी किस्त जारी कर दी है। इस बार इस योजना में नई महिलाएं भी जुड़ी है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त के रूप में 9,22,000 से अधिक महिला लाभार्थियों के खातों में 193 करोड़ की राशि सीधे हस्तांतरित की।
आपको ये भी बता दें कि लाडो लक्ष्मी योजना की तीसरी किस्त के रूप में 8.63 लाख से अधिक महिला लाभार्थियों के खातों में 181 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की गई थी। ऐसे में इस बार करीब 61 हजार नई महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना से जोड़कर उन्हें लाभ पहुंचाया गया है।
सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाकर वार्षिक आय सीमा 1.80 लाख रुपए कर दी गई है, जिससे अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। प्रत्येक पात्र महिला को मिलने वाली 2100 रुपए मासिक सहायता में से 1100 रुपए सीधे खाते में और एक हजार रुपए बचत एफडी के रूप में जमा किए जा रहे है।
इन लाभार्थियों के खाते में भी आई लक्ष्मी
- वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग व अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 34,14,000 लाभार्थियों को 1,098 करोड़ रुपए की राशि जारी
- हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 12,62,000 लाभार्थियों के खातों में नवंबर और दिसंबर माह की सब्सिडी के 38.97 करोड़ रुपए डाले
- मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत 101 करोड़ रुपए की राशि जारी
हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न 18 जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के 56,34,000 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 1,431 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी गई है।
वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अनुसूचित जाति के कल्याणार्थ कार्य करने वाली उत्कृष्ठ पंचायतों को प्रोत्साहन स्वरूप में दी जाने वाली अनुदान राशि 50,000 रुपए से बढ़ाकर एक लाख रुपए करने की घोषणा की है।
इसके अलावा सीएम ने हर थाने में इन्वेस्टिगेशन विंग की स्थापना करने की भी घोषणा की ताकि जांच कार्य प्रभावित न हो सके।



