Yuva Haryana : हरियाणा में सर्दी के मौसम में धुंध और कोहरे के चलते होने वाले हादसों से निपटने के लिए हरियाणा ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए अनेक दिशा-निर्देश जारी किए है।
हरियाणा पुलिस के अनुसार सर्दी के मौसम में कोहरे के चलते सड़कें फिसलन भरी हो जाती है और दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में मुसाफिरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा पुलिस ने अनेक महत्वपूर्ण हिदायतों की पालना करने को कहा है।
हरियाणा पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देश
- धीमी गति से वाहन चलाएं, कोहरे में सामने की वस्तु कितनी दूर है, इसका सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है। धीमी रफ्तार ही सुरक्षित यात्रा की कुंजी है
- फॉग लाइट और डिपर का उपयोग करें, हाई बीम कोहरे में रोशनी को वापस आपकी आंखों पर परावर्तित कर देता है। डिपर या फॉग लाइट का प्रयोग दृश्यता बढ़ाता है और दुर्घटनाएं रोकता है
- सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें, हाईवे या मुख्य सड़कों पर खड़ी गाड़ियां गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। गाड़ी खराब हो जाए तो हैजर्ड लाइट जलाएं और रिफ्लेक्टिव चेतावनी त्रिकोण लगाएं
- रिफ्लेक्टिव टेप और फ्लोरोसेंट मार्किंग लगवाएं, दोपहिया, ई-रिक्शा, ट्रैक्टर-ट्रॉली, स्लो–मूविंग वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप कम रोशनी में भी वाहन को स्पष्ट दिखाई देने में मदद करता है
- ओवरटेक करने से बचें, कोहरे में दूसरी तरफ से आने वाले वाहन नजर नहीं आते। ओवरटेक करना जानलेवा साबित हो सकता है
- रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें, गलत दिशा में चलना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि अत्यंत खतरनाक भी है।
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ड्रिंक एंड ड्राइव किसी भी मौसम में जोखिम भरा है, लेकिन कोहरे के दौरान यह जोखिम दोगुना हो जाता है।
- पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों का ध्यान रखें, कम दृश्यता में ये सड़क पर देर से दिखाई देते हैं। सुरक्षित दूरी व नियंत्रित गति बनाए रखें
- ओवरसाइज व प्रोट्रूडिंग लोड को सुरक्षित ढकें, गाड़ियों से बाहर निकला हुआ सामान अंधेरे या कोहरे में बिल्कुल भी नजर नहीं आता, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं
- यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें, यदि दृश्यता अत्यंत कम हो तो यात्रा को टाल दें, आवश्यक यात्रा केवल तभी करें जब कोहरा हल्का हो जाए।
- वाहन की सेफ्टी चेक करें, टायर, ब्रेक, वाइपर, और हेडलाइट की स्थिति दुरुस्त रखें ताकि फिसलन भरी सड़कों पर वाहन बेहतर नियंत्रण में रहे।



