Yuva Haryana: मस्तनाथ मठ के महंत और विधायक बाबा बालकनाथ के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में रोहतक की सीजेएम मोहम्मद सगीर की अदालत ने बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को छह माह की कैद और पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
यह मानहानि का मामला करीब पांच साल से जिला अदालत में विचाराधीन था। महंत बालकनाथ ने सितंबर 2021 में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि मार्च 2021 में अलवर में बलजीत यादव ने उनके खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया और निराधार आरोप लगाए। शिकायत के अनुसार, उस समय बाबा बालकनाथ सांसद और मस्तनाथ मठ के महंत थे, और पूर्व विधायक के बयानों से उनके अनुयायियों को ठेस पहुंची थी। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि पूर्व विधायक ने राजनीतिक लाभ हासिल करने के उद्देश्य से सार्वजनिक रूप से यह टिप्पणी की।
दोषी करार दिए जाने के बाद बलजीत यादव ने अदालत से जुर्माना लगाकर छोड़ने की अपील की। उन्होंने दलील दी कि वे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं और उनकी 82 वर्षीय मां की दो दिन पहले ही हृदय की सर्जरी हुई है, जिनकी देखभाल के लिए उन्हें राहत दी जाए। हालांकि, अदालत ने कहा कि पूर्व विधायक नरमी के हकदार नहीं हैं और उम्र व अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए छह माह के साधारण कारावास व पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
फैसले के बाद महंत बालकनाथ ने कहा कि कड़ी सजा दिलाने के लिए वे वकीलों से परामर्श कर हाईकोर्ट जाने पर निर्णय लेंगे।

