Yuva Haryana : हाल ही में हरियाणा कांग्रेस ने धर्मपाल मलिक की अध्यक्षता में अनुशासन समिति का गठन किया है और आने वाले दिनों में यह कमेटी पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए एक्शन में भी दिख सकती है।
यह बात हम इसलिए कह रहे है… क्योंकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और हरियाणा कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की हुई एक मुलाकात के संबंध में एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार राहुल गांधी को अब कांग्रेस में गुटबाजी बर्दाश्त नहीं है।
मंगलवार देर रात को नई दिल्ली में राहुल गांधी और राव नरेंद्र सिंह की मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद राव नरेंद्र का कहना है कि राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा है कि पार्टी में गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुशासन तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
गुटबाजी करने वाले कांग्रेसियों का नाम पार्टी की अनुशासन समिति के पास भेजा जाए, ताकि जांच कर उसे पार्टी से बाहर किया जा सके।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि किसी भी सूरत में अब पार्टी में गुटबाजी नहीं दिखनी चाहिए।
मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में एकता पर जोर दिया ताकि भाजपा को सत्ता से बाहर किया जा सके।
राहुल ने बिहार चुनाव के बाद हरियाणा का दौरा करने की भी बात कही है। इस दौरान राहुल संगठन से जुड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगे। तब तक उन्होंने हरियाणा कांग्रेस जिला कार्यकारिणी और ब्लॉक स्तर पर भी संगठन तैयार करने को कहा हैं।



