Yuva Haryana : अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत आ रहे हरियाणा के युवाओं को लेकर प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। इनेलो नेता अभय चौटाला ने अमेरिका से हरियाणा के 54 लोगों को डिपोर्ट कर भारत वापस भेजने को दुखद घटना बताया और कहा कि सब बीजेपी सरकार की नाकामियों का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि डिपोर्ट होकर आए लोगों में से करनाल के 16, कैथल के 15, अंबाला और कुरुक्षेत्र के 5-5, यमुनानगर के 4, जींद के 3, सोनीपत के 2, और पंचकुला, फतेहाबाद, रोहतक व पानीपत के 1-1 हैं। अमेरिका से डिपोर्ट कर वापिस भारत भेजने का यह आखिरी मामला नहीं है बल्कि आने वाले समय में अमेरिका डिपोर्ट करके बहुत बड़ी तादाद में लोगों को भारत वापस भेजने की तैयारी कर रहा है।
अभय ने कहा कि डिपोर्ट होकर आए लोगों का भविष्य पूरी तरह से अंधकार में भर गया है लेकिन बीजेपी सरकार पर इनको लेकर कोई असर नहीं पड़ रहा है। ये वही प्रताडि़त लोग हैं जिन्होंने हरियाणा में रोजगार न मिलने पर रोजगार की आस में विदेश जाने के लिए अपनी जमीनें बेच दी और अब इनके पास कुछ नहीं बचा है।
अभय चौटाला ने कहा कि युवाओं से अवैध तरीके से अमेरिका भेजने के नाम पर एजेंटो ने लाखों रुपए लूट लिए। ऊपर से बीजेपी सरकार द्वारा इन लोगों की अनदेखी करना बेहद अमानवीय कृत्य है। आज हरियाणा में बेरोजगारी के कारण ही युवा नशे की लत में डूबते जा रहे हैं और लगातार अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी सरकार हरियाणा के नौजवानों को रोजगार देने में पूरी तरह से विफल रही है। अमेरिका से डिपोर्ट हो कर आए लोगों की मदद करने के लिए बीजेपी सरकार उन्हें योग्यता के अनुसार रोजगार दे और लाखों रुपए लेकर अवैध तरीके से विदेश भेजने वाले एजेंटों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करे।



