Yuva Haryana : दुबई में बैठकर अपराधी नेटवर्क को चलाने वाले पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी आजकल सुर्खियों में है। सिरसा के महिला थाने के बाहर ग्रेनेड अटैक के बाद हरियाणा में इस गैंगस्टर की चर्चा हो रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दुबई में बैठे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहबाज भट्टी के इशारे पर ही सिरसा के एक महिला थाना के बाहर चीन निर्मित पी 86 ग्रेनेड फैंका गया था।
इस मामले गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट किया है। आरोपी ने घटना स्थल पर खड़े होकर पुलिस को बताया कि उसने कैसे ग्रेनेड थाने की ओर फैंका था।

साथ ही पुलिस ने आरोपियों के गांव खारिया में जाकर घरों से दो बाइक, मोबाइल, ग्रेनेड की पिन और कपड़े भी बरामद किए गए।
उधर, इस मामले में आतंकी कनेक्शन के बाद एनआईए की जांच जारी है और लगातार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अब एनआईए इस केस को अपनी कस्टडी में लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखेगी।
आपको बात दें कि कि 25 नवंबर को सिरसा में महिला थाने के बाहर पाकिस्तानी गैंग्सटर शाहबाज भट्टी के इशारे पर सिरसा के तीन युवकों ने ग्रेनेड फेंका था। इस वारदात में अभी तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कौन है गैंगस्टर शहजाद भट्टी ?
आपको बता दें कि पाकिस्तान में जन्मा और दुबई में बैठकर कई देशों में अपराधी नेटवर्क चलाने वाला गैंगस्टर शहजाद भट्टी साल 2024 के बाद अचानक भारत में सुर्खियों में आया था।
अक्टूबर 2024 में जब महाराष्ट्र में पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की भीड़भाड़ वाले इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई, तब भी गैंगस्टर शहजाद का नाम सामने आया था। दरअसल, मुख्य आरोपी जीशान अख्तर को देश से बाहर भगाने में शहजाद भट्टी ने ही मदद की थी।

भट्टी पाकिस्तान के बलूचिस्तान में कुख्यात फारुख खोकर गैंग का अहम सदस्य माना जाता है और दुबई में बैठकर अपना पूरा नेटवर्क चलाता है। हवाला, सुपारी, धमकी, हथियार और सोशल मीडिया के जरिए डिजिटल खौफ फैलाना, ये सब उसकी पहचान का हिस्सा है।
इतना ही नहीं भट्टी ने साल 2024 में भारतीय फिल्म स्टार मिथुन चक्रवर्ती को भी खुलेआम जान से मारने की धमकी दी थी।
साल 2025 में पंजाब के जालंधर में एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड फेंकने की भी जिम्मेदारी भट्टी ने ली थी। इस घटना के बाद भारत में उसके सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स बैन कर दिए गए और यहीं से भट्टी का नाम भारत की टॉप वांटेड लिस्ट में आने लगा।



