Yuva Haryana : हरियाणा के पूर्व विधायक एवं इनेलो नेता अभय चौटाला ने उनपर आरोप लगाने वालों का वहम निकालने का बड़ा दावा किया है। अभय ने कहा कि वह महम-महम करने वालों का वहम निकालने का काम करेंगे।
जींद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय सिंह ने कहा कि उन्हें और पार्टी को बदनाम करने की साजिशें कभी भी कामयाब नहीं होगी और प्रदेश की जनता सारी असलियत जानती है। अभय ने कहा कि वे पूर्व आईपीएस आरएस यादव व अन्य लोगों के खिलाफ 100 करोड़ रुपए की मानहानि का केस दायर करेंगे।
वहीं चंडीगढ़ में भी हुई एक प्रेस वार्ता के दौरान अभय चौटाला ने कहा है कि 25 सितंबर के बाद राजनीतिक पार्टियों के छुटभैय्ये नेता उनकी खिलाफत कर बदनाम करने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोग जितना उन्हें टारगेट करेंगे, उनकी पार्टी इतनी उभर कर सामने आएगी। अभय के मुताबिक उनको टारगेट करने वाली पार्टियां कहीं नहीं बचेगी और जनता सबको साफ कर देगी।
वहीं उन्होंने यह भी कहा कि विधायक रामकुमार गौतम जैसे कई विधायक बीजेपी सरकार में है। समय-समय पर एक साजिश के तहत ये प्रदेश में एक विशेष जाति को निशाना बनाते हैं।
राज्यपाल से मिला इनेलो प्रतिनिधिमंडल
वहीं इससे पहले अभय चौटाला की अगुवाई में 11 सदस्यों का एक इनेलो प्रतिनिधिमंडल महामहिम राज्यपाल से मिला और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की। इनेलो का कहना है कि जुलाई से सितम्बर तक हुई भारी बारिश से खेतों में जलभराव हुआ जिससे किसानों की लाखों एकड़ में खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई। 12 जिले आज भी प्रभावित है। आज भी पानी खड़ा है। पड़ोसी पंजाब ने किसानों को 20 हजार प्रति एकड़ मुआवजा दे दिया है, जबकि हरियाणा की भाजपा सरकार मुआवजा राशि ही तय नहीं कर पाई।

इनेलो ने महामहिम राज्यपाल को बताया कि किसानों को मुआवजा देने के मामले में सरकार ने कोई संज्ञान नहीं लिया है। जल्द खेतों में खड़ा पानी निकालने और किसानों को मुआवजा देने की बात रखी। दूसरा 2 बास्केट बाल मृतक खिलाडिय़ों को शहिद का दर्जा देकर सभी सुविधाएं दी जाने की बात रखी।
इनेलो ने अलग राजधानी की भी बात की है। इनेलो का मानना है कि राज्य सरकार ने अपनी बात सही तरीके से नहीं रखी, इसलिए केंद्र ने अलग विधानसभा बनाने के लिए जमीन देने से इनकार कर दिया है। इनेलो ने धान घोटाले पर भी राज्यपाल से बात की। उनका मानना है कि फर्जी गेट पास के चलते बाहरी राज्यों से धान मंडियों में बिका और हमारे किसानों का नुकसान हुआ। सरकार ने ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन फीस में भी 10 गुना बढ़ोतरी कर दी है, इससे पहले भी केंद्र ने ट्रैक्टर पर टोल टैक्स फीस लगाई थी, तब इनेलो ने उसे केंद्रीय मंत्री गडकरी से मिलकर तब वापस करवाया था।
साथ इनेलो ने राज्यपाल के समक्ष यह भी कहा है कि बीजेपी प्रदेश में जातिवाद को बढ़ावा दे रही है। साजिश के तहत ये सब बीजेपी सरकार करवा रही है। राज्यपाल ने गंभीरता से हमारी बातों को सुना और सभी मुद्दों पर कार्यवाही का आश्वासन दिया है।



